Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

संप्रास और अगासी के साथ खेले यूकी

अनुभा रोहतगी

बीबीसी संवाददाता, दिल्ली

जूनियर वर्ल्ड नम्बर वन टेनिस खिलाड़ी, भारत के यूकी भांबरी को पिछले दिनों टेनिस के दो महान खिलाड़ी-पीट संप्रास और आंद्रे अगासी के साथ खेलने का मौक़ा मिला.

मकाउ में एक प्रर्दशनी मैच में यूकी और पीट संप्रास की जोड़ी का मुक़ाबला था आंद्रे अगासी और अमरीका के शीर्ष जूनियर खिलाड़ी रयान हैरीसन के साथ.

फिलहाल यूकी भांबरी फ्लोरिडा, अमरीका की जानी-मानी निक बौलेटेरी अकादमी में ट्रेनिंग कर रहे हैं. मकाउ के इस मुक़ाबले के बारे में अपना अनुभव यूकी ने बीबीसी के साथ बांटा.

यूकी कहते हैं,'' इस साल फरवरी- मार्च में मेरे एजेन्ट से मुझसे पूछा कि मकाउ में एक प्रर्दशनी मैच में पीट संप्रास और आन्द्रे अगासी के साथ क्या मैं खेलना चाहूंगा. मैंने हां कर दी क्योंकि ये मेरा एक सपना था. अगासी और संप्रास के मैच टीवी पर देखते हुए मैं बड़ा हुआ हूं और वही देख कर टेनिस खेलने का फैसला किया. उनके साथ एक ही कोर्ट पर खेलकर मेरा सपना पूरा हो गया.''

यूकी कहते हैं कि हालांकि वो इस मैच को लेकर उत्साहित थे लेकिन कोर्ट पर पहले-पहले थोड़ी घबराहट भी थी.

वो कहते हैं,'' लेकिन जब तक मैच शुरु होने तक मैं काफ़ी सहज महसूस कर रहा था. कोशिश थी कि मैं अच्छा खेलूं और कोई गलती या बेफकूफी न करुं क्योंकि दो बड़े खिलाड़ियों के सामने जितना अच्छा खेलूं उतना मेरे लिये भी अच्छा होगा.''

ये डबल्स मुकाबला संप्रास और यूकी की जोड़ी ने जीता.

यूकी का कहना है कि ये एक फ़न मैच था क्योंकि ये दर्शकों के मनोरंजन के लिए थे. संप्रास और अगासी दोनों एक दूसरे की नकल उतार रहे थे, एक दूसरे को छेड़ रहे थे.

अपने करियर में पीट संप्रास ने 14 और आन्द्रे अगासी ने आठ ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं.

यूकी कहते हैं कि मैच के दौरान संप्रास से उनकी ज़्यादा बातचीत नहीं हुई.

लेकिन सांप्रास ने कहा कि वो उनके खेल से प्रभावित थे और उन्हें मेहनत करते रहने की सलाह दी.

संप्रास ने उन्हें बताया कि कहां और कैसे सर्व करनी चाहिए और अच्छा प्वाइंट खेलने और जीतने पर शाबाशी भी दी.

यूकी और रयान हैरीसन के बीच सिंग्ल्स मुकाबला यूकी के नाम रहा.

यूकी ने कहा, '' संप्रास और अगासी को मेरे और रयान के बारे में ज़्यादा पता नहीं था. उन्होंने हमारे बारे में पूछा कि हम कहां खेलते हैं, कैसी ट्रेनिंग करते हैं. साथ ही थोड़ा बहुत टेनिस के बारे में बात हुई और उन्होंने अपने गेम और ट्रेनिंग के बारे में भी बताया.''

इस डबल्स मैच से पहले पीट सांप्रास और आन्द्रे अगासी के बीच सिंगल्स मैच हुआ जिसे सांप्रास ने जीता. पीट सांप्रास यूकी के पसंदीदा खिलाड़ी हैं.

दोनों के खेल के बारे में यूकी का कहना था,'' दोनों का खेलने का अलग तरीका है. अगासी बेसलाइन से खेलते हैं और अब भी बहुत ज़ोर से बॉल मारते हैं. वहीं संप्रास अब भी उतने ही सटीक तरीके से सर्व करते हैं जैसे तब थी जब वो ग्रैंडस्लैम जीतते थे. उनकी सर्व उठानी अब उतनी ही मुश्किल है.''

यूकी भांबरी ने इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन में जूनियर टाइटिल जीता और फिर दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ भारत की महत्वपूर्ण टाई में सोमदेव देववर्मन और प्रकाश अमृतराज भी खेले जहां वो अपना मैच जीते.

वो अगले दो महीने के लिए निक बौलेटेरी अकादमी में ट्रेनिंग करेंगे. इस अकादमी में आन्द्रे अगासी, मार्टिना हिंगिस, सेरेना और वीनस विलियम्स ट्रेनिंग ले चुके हैं.

अपनी ट्रेनिंग के बारे में यूकी ने बताया,'' फिलहाल ऑफ सीज़न है और यही समय है जब खिलाड़ी को अपने खेल पर काम करने और बेहतर बनाने का मौका मिलता है. यहां काफी खिलाड़ी आते हैं जिनके खेलने का तरीका अलग-अलग होता है, इसलिए काफ़ी मैच प्रैक्टिस मिलती है, काफ़ी सीखने को मिलता है जो आगे जाकर फायदा देता है.''

यूकी कहते हैं कि फिलहाल वो अपनी फिटनेस पर ज़्यादा ध्यान दे रहे हैं.

उन्होंने कहा,'' टेनिस धीरे-धीरे फिज़ीकल गेम बनता जा रहा है इसलिए जो शारीरिक तौर पर ज़्यादा फिट होता है और दो-तीन घंटे तक खेल सकता है, वही जीतता है. साथ ही अपने गेम में वेरिएशन लाने की कोशिश कर रहा हूं और अपनी वॉली पर काम कर रहा हूं.”

भविष्य में यूकी अपनी रैंकिंग्स को बेहतर बनाने और चैलेंजर और एटपी टूर्नामेंट्स में खेलना चाहते हैं.

उन्हें उम्मीद है आने वाले सीज़न में वो और भी बेहतर खेलेंगे. अगले साल की शुरुआत में जनवरी में वो चैन्नई ओपन और फिर ऑस्ट्रेलियन ओपन ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट खेलेंगे.

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:26 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+