ईडन 5 फरवरी तक तैयार हो जाएगा : बंगाल मंत्री
गोस्वामी के मुताबिक ईडन में सिर्फ पांच फीसदी निर्माण कार्य बाकी रह गया है और अगले छह दिनों में उसे भी पूरा कर लिया जाएगा। तैयारी पूरी नहीं होने के कारण आईसीसी ने ईडन से फिलहाल इस मैच की मेजबानी छीन ली है।
गोस्वामी ने कहा कि उन्होंने अपने विभाग का नेतृत्व करते हुए रविवार को ईडन में निर्माण कार्य की कमान संभाल ली है। गोस्वामी ने आईसीसी पर आरोप लगाया कि उसने उन सुविधाओं की सूची अब तक नहीं मुहैया कराई है, जो विश्व कप मुकाबलों के दौरान स्टेडियम में की जानी हैं।
गोस्वामी ने कहा, "इस मुकाम पर मैं आईसीसी पर किसी प्रकार का आरोप नहीं लगाना चाहता। हम चाहते हैं कि ईडन में भारत-इंग्लैंड मैच खेला जाए। आईसीसी अगर यह चाहती है कि इस मसले पर हम उसकी हां में हां मिलाएं, तो हम इसके लिए तैयार हैं।"
"यहां पर मैं एक बात जरूर कहना चाहूंगा कि आईसीसी ने उन सुविधाओं की सूची अब तक नहीं मुहैया कराई है, जो विश्व कप मुकाबलों के दौरान स्टेडियम में की जानी हैं। मैंने अपने विभाग के इंजीनियरों के साथ निर्माण कार्य का जायजा लिया है। मेरा मानना है कि सिर्फ पांच फीसदी काम बाकी है और इसे पांच फरवरी तक पूरा कर लिया जाएगा।"
"मेरा यह भी मानना है कि सात फरवरी तक ईडन मैच कराने के लिए लायक हो जाएगा। काम उस स्तर तक पहुंच चुका है कि सीएबी अध्यक्ष जगमोहन डालमिया को अब इसे लेकर किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है। हम यह मैच कराने की स्थिति में हैं।"
गोस्वामी ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली, राज्य के मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य की भी इच्छा है कि भारत-इंग्लैंड मैच ईडन में ही कराया जाए। बुद्धदेब ने इस सम्बंध में आईसीसी अध्यक्ष शरद पवार से भी बात की है। पवार ने सात फरवरी तक काम पूरा करने का समय दिया है।
गोस्वामी के मुताबिक आईसीसी या बीसीसीआई की ओर से अभी किसी प्रकार का पत्र नहीं प्राप्त हुआ है। बकौल गोस्वामी, "इस सम्बंध में पत्र रविवार तक मिल जाना चाहिए। यह अब तक नहीं मिला है। इससे हमें दिक्कत हो रही है।"
उल्लेखनीय है कि आईसीसी ने बीते गुरुवार को ईडन से भारत-इंग्लैंड मैच की मेजबानी छीनने की घोषणा की थी। टूर्नामेंट निदेशक, केंद्रीय आयोजन समिति और आईसीसी के सदस्यों से बने निरीक्षण दल ने भारत में क्रिकेट का 'मक्का' कहे जाने वाले ईडन का मुआयना करने के बाद पाया था कि निर्माण कार्य समय रहते पूरा नहीं हो पाने के कारण स्टेडियम फिलहाल मैच की मेजबानी की स्थिति में नहीं है।
इस दल ने श्रीलंका के कोलम्बो, हम्बानटोटा और पालेकेले स्थित तीन मैदानों को आयोजन के अनुरूप करार दिया था। दल ने कहा था कि फाइनल मुकाबले का मेजबान वानखेड़े स्टेडियम और श्रीलंका के तीन स्टेडियम 14 दिनों के भीतर पूरी तरह तैयार हो जाएंगे लेकिन ईडन गार्डन्स की तैयारी समय पर पूरी नहीं हो सकती।
इं़डो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications