आस्ट्रेलियन ओपन : मरे को हराकर जोकोविक दूसरी बार चैम्पियन (राउंडअप)
विश्व के तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी जोकोविक ने यह मुकाबला सीधे सेटों में 6-4, 6-2, 6-3 से जीता। जोकोविक ने दूसरी बार आस्ट्रेलियन ओपन का एकल खिताब जीता है। उन्होंने इससे पहले 2008 में मेलबर्न पार्क में खिताबी जीत दर्ज की थी।
दूसरी ओर, सेमीफाइनल में स्पेन के डेविड फेरर को परास्त करने वाले मरे का 1936 में फ्रेड पेरी के बाद ग्रैंड स्लैम जीतने वाला ब्रिटेन का पहला खिलाड़ी बनने का सपना फिलहाल अधूरा रह गया है।
मरे के हाथ से तीसरी बार ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का मौका निकला है। वह तीन बार फाइनल में पहुंचकर सीधे सेटों में हारे हैं। जोकोविक के अलावा रोजर फेडरर ने उन्हें 2010 आस्ट्रेलियन ओपन और 2008 अमेरिकी ओपन फाइनल में पराजित किया था।
मरे ने सेमीफाइनल में रोजर फेडरर को पराजित करने वाले जोकोविक के खिलाफ शानदार शुरुआत की थी। पहले सेट में उन्होंने जोकोविक को खूब परेशान किया। इस दौरान जोकोविक लय पाने के लिए संघर्ष करते नजर आए।
इसके बावजूद जोकोविक का खेल इतना स्तरीय रहा कि वह यह सेट जीतने में सफल रहे। दूसरे सेट में जोकोविक ने अपनी प्रतिष्ठा के अनुरूप खेल दिखाया और आसान जीत दर्ज की। तीसरे और अंतिम सेट के शुरुआती चरण में मरे के खेल को देखकर लगा था कि यह मैच चौथे या पांचवें सेट तक खिंचेगा, लेकिन जोकोविक ने मरे को इसके लिए कोई मौका नहीं दिया।
विश्व के लगभग सभी चुनिंदा खिलाड़ियों को हरा चुके अपने पहले ग्रैंड स्लैम के लिए इंतजार कर रहे मरे ने कहा कि उनका खेल जोकोविक की तुलना में स्तरीय नहीं रहा। मरे ने कहा, "जोकोविक अच्छा खेले। उन्हें हरा पाना मुश्किल था। आशा है कि मैं अगले वर्ष यह खिताब अपने नाम करने में सफल रहूंगा।"
नए चैम्पियन जोकोविक ने मरे की तारीफ करते हुए कहा कि उनमें ग्रैंड स्लैम जीतने की पूरी क्षमता है और आने वाला दिन उन्हीं का है। बकौल जोकोविक, "यह मैच शानदार रहा। मरे शानदार खिलाड़ी हैं। मैं मानता हूं कि ग्रैंड स्लैम अब उनसे ज्यादा दूर नहीं है।"
जोकोविक ने वर्ष 2005 में पहली बार आस्ट्रेलियन ओपन में किस्मत आजमाई थी लेकिन वह पहले दौर में ही बाहर हो गए थे। 2006 में भी उनकी किस्मत ने साथ नहीं दिया था और वह पहले दौर से आगे नहीं बढ़ सके थे।
वर्ष 2007 में जोकोविक ने शानदार सफर तय करते हुए चौथे दौर में जगह बनाई थी लेकिन वहां वह हार गए थे। इसके बाद अपनी हार से सीख लेते हुए इस कद्दावर खिलाड़ी ने 2008 में अपना पहला ग्रैंड स्लैम जीता था।
वर्ष 2009 में वह अपनी पिछली सफलता को दोहराने की राह में क्वार्टर फाइनल में चूक गए थे। इसी तरह 2010 में भी उन्हें अंतिम-8 दौर में हार मिली थी लेकिन इस वर्ष जोकोविक ने अपने रास्ते में आए सातों मैच जीतकर दूसरी बार ग्रैंड स्लैम ताज पहना।
आस्ट्रेलियन ओपन में 25वीं जीत के साथ अपने करियर का 19वां एटीपी खिताब हासिल करने वाले जोकोविक को पुरस्कार के तौर पर 22 लाख डॉलर मिले जबकि मरे को 11 लाख डॉलर की सांत्वना राशि से संतोष करना पड़ा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications