Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

आस्ट्रेलियन ओपन : पेस-भूपति हारे, क्लाइस्टर्स को पहला खिताब (राउंडअप)

'इंडियन एक्सप्रेस' नाम से मशहूर भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस और महेश भूपति की जोड़ी पुरुषों का युगल खिताब नहीं जीत सकी। शनिवार को मेलबर्न पार्क में खेले गए खिताबी मुकाबले में पेस-भूपति की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को अमेरिका के ब्रायन बंधुओं-माइक तथा बॉब ने सीधे सेटों में 6-3, 6-4 से पराजित किया।

नौ वर्ष के अंतराल के बाद साथ-साथ खेलते हुए चेन्नई ओपन खिताब अपने नाम करने वाले पेस-भूपति ने सेमीफाइनल मुकाबले में बेलारूस के मैक्स मिर्नी और कनाडा के डेनियल नेस्टर की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को 7-6, 4-6, 6-3 से पराजित किया था।

पेस और भूपति वर्ष 1999 में भी फाइनल में हार गए थे। पेस ने हालांकि चेक गणराज्य के मार्टिन डैम के साथ खेलते हुए 2006 में फाइनल में जगह बनाई थी जबकि भूपति 2009 में बहामास के मार्क नोल्स के साथ खेलते हुए फाइनल में हारे थे।

दूसरी ओर, ब्रायन बंधुओं की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त जोड़ी ने अमेरिका के एरिक बुटोरैक तथा नीदरलैंड एंटिलिस के जीन जूलियन रोजर को सीधे सेटों में 6-3, 6-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। ब्रायन बंधुओं ने लगातार तीसरी और कुल पांचवीं बार आस्ट्रेलियन ओपन पर कब्जा किया।

उधर, वर्ष 2009 में टेनिस जगत में वापसी करने वाली क्लाइस्टर्स ने महिला एकल खिताब अपने नाम किया। 2009 और 2010 में अमेरिकी ओपन खिताब अपने नाम करने वाली क्लाइस्टर्स ने पहली बार आस्ट्रेलियन ओपन जीता है।

विश्व की पूर्व सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी क्लाइस्टर्स ने शनिवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में चीन की ली ना को 3-6, 6-3, 6-3 से पराजित किया। पहले सेट में क्लाइस्टर्स अपने पूरे दमखम में नहीं दिखीं लेकिन इसके बाद उन्होंने ली को इतिहास कायम करने का कोई मौका नहीं दिया।

इस हार ने ली का ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाली पहली चीनी खिलाड़ी बनने का सपना तोड़ दिया। वह फाइनल तक का सफर तय करने वाली पहली चीनी खिलाड़ी हैं। फाइनल में हारने के बाद ली विश्व वरीयता क्रम में अपने अब तक के सर्वोच्च मुकाम सातवें क्रम पर पहुंच जाएंगी।

इतिहास कायम करने से चूकीं नौवीं वरीयता प्राप्त ली ने सेमीफाइनल में विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी डेनमार्क की कैरोलिन वोजनियास्की को पराजित किया था जबकि क्लाइस्टर्स ने रूस की वेरा ज्योनारेवा को मात दी थी।

जीत के बाद क्लाइस्टर्स ने कहा, " ली एक बेहद मजबूत प्रतिद्वंद्वी हैं। उनके खिलाफ हमेशा एक कड़ा मुकाबला होता है। इससे पहले भी मैं कई बार उनके खिलाफ खेल चुकी थी। इस खिताबी जीत से मैं बहुत खुश हूं।"

'सुपर मॉम' के नाम से विख्यात क्लाइस्टर्स वर्ष 2005, 2009, 2010 में अमेरिकी ओपन का खिताब जीत चुकी हैं। आस्ट्रेलिया के टेनिस स्टार लेटन हेविट के साथ सम्बंध विच्छेद कर अमेरिकी बास्केटबाल खिलाड़ी से शादी करने वाले क्लाइस्टर्स ने फरवरी 2008 में एक बेटी को जन्म दिया था। इसके बाद मार्च 2009 में उन्होंने टेनिस में वापसी की घोषणा की थी। वापसी के वर्ष ही क्लाइस्टर्स ने अमेरिकी ओपन खिताब जीता था।

दूसरी ओर हार के बाद ली ना ने कहा, " मेरे लिए हार-जीत कोई मायने नहीं रखती क्योंकि मैंने यहां अच्छा खेलने की कोशिश की। मेरा यह प्रयास सफल रहा। मैं अपने प्रायोजकों, कोच और परिजनों को धन्यवाद देती हूं। फरवरी में चीनी नया वर्ष है और इस अवसर पर मैं अगले वर्ष फिर मिलने के वादे के साथ सबको बधाई देती हूं। "

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Saturday, January 29, 2011, 20:25 [IST]
Other articles published on Jan 29, 2011
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+