अंतिम ओवरों के लिए यॉर्कर है सबसे कारगर हथियार : कास्प्रोविच
नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज माइकल कस्प्रोविच मानते हैं कि भारत के खिलाफ जारी सात मैचों की श्रृंखला के दौरान भारतीय बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोकने के लिए आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को अंतिम ओवरों में यॉर्कर गेंदों को आजमाना चाहिए।
नई दिल्ली स्थिति आस्ट्रेलियाई उच्चायोग में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कास्प्रोविच ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि निसंदेह ब्रेट ली और ब्रैड हॉज जैसे खिलाड़ियों के चोटिल होने के कारण आस्ट्रेलियाई आक्रमण पंक्ति कमजोर हुई है लेकिन अंतिम ओवरों में यॉर्कर गेंदों की मदद से उनके साथी मेजबान बल्लेबाजों को रन बटोरने से रोक सकते हैं।
कास्प्रोविच ने कहा, "एक तेज गेंदबाज होने के नाते मैं अपने साथियों को यॉर्कर आजमाने की सलाह दूंगा लेकिन उन्हें इस बात का ख्याल रखना होगा कि इसमें विविधता हो और साथ ही वह बिल्कुल सटीक ढंग से फेंकी गई हो। यॉर्कर के लिए यह जरूरी है, नहीं तो वह साधारण गेंद बनकर रह जाती है।"
कास्प्रोविच मानते हैं कि वडोदरा और नागपुर में खेले गए दो मुकाबलों के बाद दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं लेकिन उनका दिल कहता है कि यह श्रृंखला आस्ट्रेलियाई टीम ही जीतेगी क्योंकि वह विश्व वरीयता क्रम में भारत से ऊपर है।
बकौल कास्प्रोविच, "आप वरीयता क्रम की मेरी दलील को नकार सकते हैं लेकिन इस बात से इंकार नहीं कर सकते कि आस्ट्रेलियाई टीम में वापसी करने की क्षमता है और वह फिरोजशाह कोटला मैदान पर शनिवार को खेले जाने वाले तीसरे मुकाबले में जबरदस्त वापसी करेगी। मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि यह श्रृंखला हम ही जीतेंगे।"
आस्ट्रेलियाई टीम में चोट की समस्या को लेकर कास्प्रोविच ज्यादा चिंतित नहीं दिखे। उनका मानना है कि क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) की रोटेशन प्रणाली बहुत सटीक और कारगर है और इस कारण उन्हें यकीन है कि घायल होने वाले हर एक खिलाड़ी की जगह उतने ही सक्षम खिलाड़ी को टीम में जगह दी जाएगी।
कास्प्रोविच ने कहा, "हमारी टीम वापसी करेगी। इसमें चोट बाधा नहीं बनेगी क्योंकि सीए की रोटेशन प्रणाली बहुत कारगर है। मसलन, विकेटकीपर टिम पेन के स्थान पर ग्राहम मानोउ को टीम में शामिल किया गया है। वह अपनी प्रांतीय टीम के कप्तान और एक बेहतरीन विकेटकीपर हैं। मेरी नजर में हमारे (आस्ट्रेलिया) के पास सभी तरह के खिलाड़ियों का स्थानापन्न मौजूद है।"
उल्लेखनीय है कि आस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान रिकी पोंटिंग ने नागपुर मैच के बाद कहा था कि जब कभी किसी एकदिवसीय मुकाबले के अंतिम ओवरों के दौरान गेंदबाजी की बात आती है तब उन्हें महान तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्राथ की कमी महसूस होने लगती है।
पोंटिंग के मुताबिक मैक्ग्राथ को क्रिकेट से संन्यास लिए ढाई साल हो चुके हैं लेकिन आज भी वह उनके बगैर अंतिम ओवरों में अपने गेंदबाजी आक्रमण को सार्थक तौर पर नहीं देख रहे हैं। पोंटिंग कहा था कि उन्हें एक ऐसे गेंदबाज की जरूरत है जो आने वाले वर्षो तक अंतिम ओवरों में मैक्ग्राथ की तरह सफलतापूर्वक विपक्षी टीम पर दवाब बना सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications