नई दिल्ली, 28 नवंबरः दुनिया के कम से कम एक दर्जन शीर्ष खिलाड़ियों के खुलासे के बाद अब ये साफ होने लगा है कि भद्रजनों के खेल क्रिकेट को मैला कर चुकी मैच फिक्सिंग की काली छाया दुनिया के सबसे लोकप्रिय खेलों में से एक टेनिस को भी कलंकित करती रही है.
टेनिस में मैच फिक्सिंग का खुलासा अलग-अलग समय में अलग-अलग महाद्वीपों में हुआ है. लेकिन अगर इन घटनाओं को सिलसिलेवार जोड़ा जाए तो जो तस्वीर उभरती है वो खेलप्रेमियों का इस पसंदीदा खेल से भरोसा टूटने के लिए काफी है.
हालांकि मैच फिक्सिंग के बारे में किसी भी खिलाड़ी ने पेशेवर खिलाड़ियों की एसोसिएशन या अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ से शिकायत नहीं की है. लेकिन करीब दस दिन पहले पुरुष टेनिस के नियमों और आचरण का ख्याल रखने वाली ए टी पी ने एक नोटिस निकालकर खिलाड़ियों और उनके मैनेजरों से कहा है कि अगर उन्हें टेनिस में मैच फिक्सिंग के बारे में कोई जानकारी हो तो इसे तुरंत उपलब्ध करायें.
जाहिर है टेनिस में खेले जा रहे इस जुये की जानकारी ए टी पी को भी है. ये अलग बात है कि उसके पास इसके पुख्ता प्रमाण नहीं हैं. लेकिन बगैर किसी अंदेशे के वह इस तरह का नोटिस नहीं निकाल सकता.