श्रीलंकाई क्रिकेट टीम ने पूरे किए 300 रन (लीड-8)
श्रीलंकाई टीम ने उपुल थरंगा का विकेट गंवाकर 35वें ओवर में 300 रन पूरे किए। पारी की शुरुआत करने आए थरंगा 60 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 67 रन बनाकर सुरेश रैना की गेंद पर विकेटकीपर महेंद्र सिंह धौनी के हाथों स्टंप किए गए। उस समय मेहमान टीम का कुल योग 188 रन था।
खबर लिखे जाने तक श्रीलंकाई टीम ने 36 ओवरों की समाप्ति तक एक विकेट खोकर 312 रन बना लिए थे। अपने करियर के अब तक के सबसे अच्छे फार्म में चल रहे दिलशान ने 116 गेंदों का सामना करते हुए 19 चौकों और दो छक्कों की मदद से 146 रन बनाए थे।
दूसरी ओर, कप्तान कुमार संगकारा 40 गेंदों पर आठ चौकों और पांच छक्कों की मदद से 86 रन बनाकर खेल रहे थे। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए अब तक नाबाद 126 रनों की साझेदारी की है।
इससे पहले, टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 414 रन बनाए। एकदिवसीय मैचों में भारत का यह अब तक सबसे बड़ा योग है।
भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने 102 गेंदों पर 17 चौकों और छह नायाब छक्कों की मदद से सर्वाधिक 146 रन बनाए। सहवाग ने अपना 12वां एकदिवसीय शतक लगाया। इसके अलावा सचिन तेंदुलकर ने 63 गेंदों पर 10 झन्नाटेदार चौकों और एक छक्के की मदद से 69 और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने 53 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 72 रन बनाए।
युवराज सिंह के स्थान पर टीम में जगह पाने वाले विराट कोहली ने 27 रनों का योगदान दिया जबकि रवींद्र जडेजा 17 गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों की मदद से 30 रन बनाकर नाबाद लौटे। सहवाग और तेंदुलकर ने पहले विकेट के लिए 19.3 ओवरों में 153 रन जोड़े जबकि कप्तान धौनी और सहवाग ने तीसरे विकेट के लिए मात्र 16 ओवरों में 156 रन जोड़ डाले।
एकदिवसीय मैचों के इतिहास में अब तक सिर्फ एक टीम 400 रन से अधिक के लक्ष्य का पीछा कर पाई है। यह वाकया 26 मार्च, 2006 को जोहांसबर्ग में हुआ था, जब दक्षिण अफ्रीका ने आस्टेलिया द्वारा दिए गए 434 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक गेंद शेष रहते जीत हासिल की थी।
श्रीलंका के सामने यह अब तक का का सबसे बड़ा लक्ष्य है। यह अलग बात है कि श्रीलंकाई टीम के नाम एकदिवसीय मैचों में सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने का रिकार्ड है। इस टीम ने चार जुलाई 2006 को एम्सटेलवीन में हॉलैंड के खिलाफ नौ विकेट पर 443 रन बनाए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications