ईडन के सर्मथन में आगे आए बुद्धदेब
बुद्धदेव ने पवार से ईडन से मेजबानी छीनने और उसे किसी अन्य आयोजन स्थल को देने सम्बंधी फैसले पर आईसीसी से पुनर्विचार करने को कहा है।
आईसीसी ने गुरुवार को 27 फरवरी को इंग्लैंड और भारत के बीच होने वाले विश्व कप मुकाबले की मेजबानी ईडन से छीनने की घोषणा की थी। आईसीसी निरीक्षण दल का कहना था कि मैच को लेकर ईडन की तैयारी अधूरी है। बीसीसीआई को 31 जनवरी तक नए आयोजन स्थल के नाम की घोषणा करनी है।
बंगाल के शहरी विकास मंत्री अशोक भट्टाचार्य ने एक निजी बंगला चैनल से बातचीत के दौरान कहा, "मैंने इस बारे में मुख्यमंत्री से बात की है। उन्होंने शनिवार को पवार से बात की और कहा कि वह अपने फैसले पर पुनर्विचार करें। मुख्यमंत्री ने पवार से कहा कि वह कोलकाता के क्रिकेट प्रेमियों की भावनाओं को ध्यान में रखकर ही कोई फैसला करें।"
अशोक के मुताबिक पवार ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया है कि वह अपने फैसले पर पुनर्विचार करेंगे और इस सम्बंध में जल्द ही उन्हें जानकारी देंगे।
अशोक ने कहा, "कुछ समय बाद पवार ने मुख्यमंत्री को फोन किया और कहा कि वह सीएबी को मैच की तैयारी के लिए सात फरवरी तक का समय देने के लिए तैयार हैं। सीएबी अगर ऐसा करने में सफल रहा तो भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले मैच की मेजबानी ईडन को ही करनी होगी।"
उल्लेखनीय है कि आईसीसी ने बीते गुरुवार को ईडन से भारत-इंग्लैंड मैच की मेजबानी छीनने की घोषणा की थी। टूर्नामेंट निदेशक, केंद्रीय आयोजन समिति और आईसीसी के सदस्यों से बने निरीक्षण दल ने भारत में क्रिकेट का 'मक्का' कहे जाने वाले ईडन का मुआयना करने के बाद पाया था कि निर्माण कार्य समय रहते पूरा नहीं हो पाने के कारण स्टेडियम फिलहाल मैच की मेजबानी की स्थिति में नहीं है।
इस दल ने श्रीलंका के कोलम्बो, हम्बानटोटा और पालेकेले स्थित तीन मैदानों को आयोजन के अनुरूप करार दिया था। दल ने कहा था कि फाइनल मुकाबले का मेजबान वानखेड़े स्टेडियम और श्रीलंका के तीन स्टेडियम 14 दिनों के भीतर पूरी तरह तैयार हो जाएंगे लेकिन ईडन गार्डन्स की तैयारी समय पर पूरी नहीं हो सकती।
इं़डो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications