क्रिकेट विश्व कप : मैक्ग्राथ के नाम सर्वाधिक रिकार्ड
मैक्ग्राथ के नाम विश्व कप में सर्वाधिक विकेट, सबसे अच्छी गेंदबाजी और सबसे अच्छे स्ट्राइक रेट का रिकार्ड है। इस खिलाड़ी ने चार बार विश्व कप खेला है। इस दौरान आस्ट्रेलियाई टीम 1999, 2003 और 2007 में चैम्पियन रही है।
मैक्ग्राथ ने विश्व कप में सर्वाधिक 39 मैच खेले हैं। इन मैचों में उन्होंने सर्वाधिक 71 विकेट अपने नाम किए हैं। पाकिस्तान के वसीम अकरम 55 विकेटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
इसके अलावा मैक्ग्राथ ने 27.5 रन प्रति विकेट के स्ट्राइक रेट के साथ गेंदबाजी की है। वेस्टइंडीज में आयोजित विश्व कप के बीते संस्करण में मैक्ग्राथ ने 26 विकेट झटके थे।
यही नहीं, मैक्ग्राथ उन चार गेंदबाजों में से एक हैं, जिन्होंने विश्व कप में दो बार पारी में पांच विकेट झटके हैं। मैक्ग्राथ ने 2003 विश्व कप में नामीबिया के खिलाफ 15 रन देकर सात विकेट अपनी झोली में डाले थे। विश्व कप में यह किसी गेंदबाज का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
मैक्ग्राथ को विश्व कप में हालांकि हैट्रिक नहीं मिला। उनके साथी गेंदबाज और मौजूदा एकदिवसीय टीम के सदस्य ब्रेट ली ने 2003 विश्व कप में केन्या के खिलाफ डरबन में यह कारनामा किया था।
भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश की मेजबानी में अपना आखिरी विश्व कप खेलने जा रहे टेस्ट और एकदिवसीय क्रिकेट के सबसे सफल गेंदबाज श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन मैक्ग्राथ का रिकार्ड अपने नाम कराने का प्रयास करेंगे।
मुरलीधरन को छोड़कर मौजूदा समय में सक्रिय और कोई गेंदबाज अकरम और मैक्ग्राथ के रिकार्ड के निकट नहीं है। इस सूची में मुरलीधरन के बाद सर्वाधिक विश्व कप विकेट लेने वाले सक्रिय गेंदबाज पाकिस्तान के शोएब अख्तर हैं, जिनके नाम 27 विकेट हैं।
सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में मुरली के बाद उनके लम्बे समय के साथी चमिंडा वास (49) हैं लेकिन वास को विश्व कप के लिए श्रीलंकाई टीम में जगह नहीं मिली है। इसके बाद भारत के जवागल श्रीनाथ (44) और दक्षिण अफ्रीका के एलन डोनाल्ड (38) के नाम हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications