सॉडरलिंग की नडाल पर जीत
स्वीडन के रॉबिन सॉडरलिंग ने फ़्रेंच ओपन का प्रदर्शन एटीपी वर्ल्ड टूअर्स फ़ाइनल्स में दोहराते हुए दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी रफ़ाएल नडाल को हरा दिया है.
सॉडरलिंग ने ग्रुप बी के मैच में नडाल को 6-4, 6-4 से हराया.
इस मुक़ाबले में दो ग्रुप बनाए जाते हैं और शीर्ष आठ वरीयता प्राप्त खिलाड़ी या युगल मुक़ाबलों की जोड़ियाँ दो ग्रुपों में बाँटी जाती हैं.
इस तरह शीर्ष वरीयता प्राप्त रोजर फ़ेडरर ग्रुप ए में हैं जबकि नडाल ग्रुप बी में हैं. दोनों ग्रुपों के शीर्ष दो खिलाड़ी या जोड़ियाँ राउंड-रॉबिन आधार पर मैच खेलने के बाद सेमीफ़ाइनल में प्रवेश करती हैं.
इसके बाद ये टूर्नामेंट नॉक-आउट के हिसाब से होता है.
सॉडरलिंग को शीर्ष आठ खिलाड़ियों में जगह शुरुआत में नहीं मिल पाई थी मगर एंडी रॉडिक को चोट लगने के बाद उन्हें ग्रुप बी में शामिल किया गया.
इस टूर्नामेंट के युगल मुक़ाबलों में भारत के लिएंडर पेस चेक गणराज्य के लुकास ड्लोही के साथ शामिल हैं और सोमवार को हुए मैच में उन्हें पोलैंड के लुकाज़ कुबोत और ऑस्ट्रिया के ऑलिवर मराक की जोड़ी ने 6-3, 7-6 से हरा दिया था.
ये जोड़ी ग्रुप बी में रखी गई है.
भारत के महेश भूपति और बहामास के मार्क नोल्स की जोड़ी ग्रुप ए में है और उन्होंने पहला मैच चेक गणराज्य के फ़्रांतिसेक सेरमाक और स्लोवाकिया के माइकल मर्तिनाक की जोड़ी को 6-3, 6-3 से हराया था.
नडाल की हार
हार के बाद रफ़ाएल नडाल ने कोई बहाना नहीं बनाया और ज़ोर देकर कहा कि वह शत-प्रतिशत फ़िट थे.
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि मैं कोई बहुत बुरा नहीं खेला. मगर अहम मौक़ों पर मैं संतुलन खो बैठा. अगर आप शान्त रहकर अच्छे से न खेलें तो जीतना काफ़ी मुश्किल हो जाता है और आज मैं उस तरह नहीं खेला."
वहीं सॉडरलिंग ने कहा, "मैं अहम मौक़ों पर अच्छा खेला और अगर आपको शीर्ष खिलाड़ियों को हराना है तो ये करना काफ़ी ज़रूरी है."
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
