दिल्ली डेयरडेविल्स के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अमृत माथुर ने वेबसाइट क्रिकइंफो डॉट कॉम से बातचीत में कहा, "प्रतियोगिता की तकनीकी समिति को हमने मैक्ग्राथ सहित दो खिलाड़ियों के नाम भेजे हैं। दूसरे खिलाड़ी का नाम है योगेश नागर। उन्हें इंग्लैंड के पॉल कॉलिंगवुड के स्थान पर टीम में शामिल किया जाना तय हुआ है।" चोटिल होने के कारण कॉलिंगवुड भी चैम्पियंस लीग में नहीं खेल पाएंगे।
उन्होंने कहा, "आयोजकों से हमने चोटिल खिलाड़ियों के स्थान पर उक्त दोनों खिलाड़ियों को टीम में शामिल किए जाने की अनुमति मांगी है।"
गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से भी कम समय में दिल्ली डेयरडेविल्स के तीन विदेश खिलाड़ी चोटिल होने के कारण टीम से बाहर हो चुके हैं। विटोरी और कॉलिंगवुड के अलावा दक्षिण अफ्रीका के मध्यक्रम के बल्लेबाज ए. बी. डिविलियर्स चोटग्रस्त होने के कारण प्रतियोगिता से बाहर हो चुके हैं।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दूसरे संस्करण में मैक्ग्राथ दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम का हिस्सा थे। मैक्ग्राथ की फिटनेस की समस्या के कारण टीम प्रबंधन उन्हें टीम में शामिल करने में संकोच कर रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।