ओझा ने संगकारा को पेवेलियन की राह दिखाई (लीड-3)
मुंबई, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। ब्रेबार्न स्टेडियम में भारत के साथ खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन बुधवार को श्रीलंकाई क्रिकेट टीम ने भोजनकाल के तुरंत बाद कप्तान कुमार संगकारा के रूप में अपना दूसरा विकेट गंवा दिया। संगकारा को प्रज्ञान ओझा ने पेवेलियन की राह दिखाई।
संगकारा ने 35 गेंदों का सामना करते हुए दो चौकों की मदद से 18 रन बनाए। खबर लिखे जाने तक मेहमान टीम ने 35 ओवर के खेल के दौरान दो विकेट के नुकसान पर 142 रन बना लिए थे।
पारी की शुरुआत करने आए तिलकरत्ने दिलशान 82 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 64 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि माहेला जयवर्धने ने तीन रन बनाए थे।
श्रीलंका ने भोजनकाल तक सलामी बल्लेबाज थरंगा परानाविताना के रूप में अपना पहला विकेट गंवाया था। भोजनकाल तक मेहमान टीम का स्कोर 117 रन था।
परानाविताना ने अपनी नाकामी को पीछे छोड़ते हुए 81 गेदों पर सात चौकों की मदद से 53 रन बनाए। उन्होंने दिलशान के साथ पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़े।
ब्रेबॉर्न स्टेडियम में 36 साल के अंतराल के बाद खेले जा रहे इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
श्रृंखला के इस अंतिम मैच में भारतीय टीम में गौतम गंभीर की जगह मुरली विजय को मौका दिया गया। श्रीलंकाई टीम में नुवान कुलसेकरा को शामिल किया गया। कुलसेकरा के लिए असंथा मेंडिस ने स्थान खाली किया।
कानपुर में खेले गए श्रृंखला के दूसरे मैच में पारी और 144 रनों से जीत हासिल भारतीय क्रिकेट टीम श्रृंखला में 1-0 से आगे है। अहमदाबाद में खेला गया पहला मैच ड्रा रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications