भारतीय टीम के लिए वोक्कालिगा रघुनाथ ने 35वें, गुरबाज सिंह ने 54वें और धनंजय महाधिक ने 69वें मिनट में गोल किया। अर्जेटीना के लिए फाकुंदो कैलियोनी ने 22वें और 29वें मिनट में गोल ठोका। मध्यांतर से पहले तक भारतीय टीम 0-2 से पिछड़ रही थी।
आठ टीमों की इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम को छठी वरीयता मिली थी लेकिन उसने उम्मीद से अच्छा प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।
सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान के हाथों मिली हार के बाद भारतीय टीम का अगले वर्ष जर्मनी में खेली जाने वाली प्रतिष्ठित चैम्पियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेने का ख्वाब अधूरा रह गया लेकिन तीसरा स्थान हासिल कर इस टीम ने काफी हद तक अपने गम को कम किया।
इससे पहले, न्यूजीलैंड ने खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान को पराजित करके स्वर्ण पदक हासिल किया। कीवी टीम ने यह मैच 4-2 से जीता। मध्यांतर तक दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर थीं लेकिन दूसरे हॉफ में पाकिस्तानी टीम दबाव में आ गई और उसे मैच गंवाना पड़ा।
मैच का पहला गोल पाकिस्तान की ओर से सोहेल अब्बास ने किया लेकिन मध्यांतर के बाद अब्बास और पाकिस्तान के दूसरे प्रमुख खिलाड़ियों की चूक टीम के लिए भारी पड़ी।
पाकिस्तानी टीम को मध्यांतर के बाद पांच पेनेल्टी कॉनर मिले लेकिन अब्बास और उनके साथी खिलाड़ी इन्हें गोल में तब्दील करने में नाकाम रहे।
उधर, दक्षिण अफ्रीका ने चीन को 5-0 से हराकर पांचवां स्थान हासिल किया जबकि बेल्जियम ने कनाडा को 2-0 से पराजित करते हुए सातवें स्थान पर कब्जा किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।