चैम्पियंस लीग : विक्टोरिया ने डेयरडेविल्स को 7 विकेट से हराया (राउंडअप)
पहले बल्लेबाजी करते हुए डेयरडेविल्स की टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर सिर्फ 98 रन ही बना सकी। इसके जवाब में खेलने उतरी विक्टोरिया की टीम ने 16.4 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 100 रन बना लिए।
विक्टोरिया के सलामी बल्लेबाज क्विनी ने 33 गेंदों में शानदार 40 रन बनाए। व्हाइट 22 रन और ब्लिजार्ड 15 रन बनाकर नाबाद रहे। विक्टोरिया के अन्य बल्लेबाजों में हॉग ने नौ और हसी ने सात रन बनाए।
इससे पहले क्लिंट मैके, शेन हारवूड और एंड्रयू मैकडोनाल्ड की घातक गेंदबाजी के आगे डेयरडेविल्स की टीम किस तरह ताश के पत्तों के जैसे बिखरी इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उसके सिर्फ तीन ही बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर सके।
मिथुन मन्हास ने अपनी टीम के लिए सर्वाधिक 25 रन बनाए। उन्होंने 34 गेंदों के सामना किया और दो चौके जड़े। सलामी बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग ने दूसरा सर्वाधिक स्कोर बनाया। उन्होंने 21 रन बनाए। तिलकरत्ने दिलशान (18) ने डेयरडेविल्स के लिए तीसरा सर्वाधिक स्कोर बनाया।
पहले सात ओवरों में ही डेयरडेविल्स ने अपने दोनों सलामी बल्लेबाज कप्तान गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग तथा मध्यक्रम के बल्लेबाज ओवेश शाह के विकेट सस्ते में गंवा दिए।
मैच के तीसरे ओवर में गौतम गंभीर के रूप में डेयरडेविल्स को पहला झटका लगा। उन्होंने आठ गेंदों का सामना किया और चार रन बनाए। शेन हारवूड की गेंद पर वह क्लीन बोल्ड हुए।
पांचवे ओवर में सहवाग भी चलते बने। उन्होंने 15 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 21 रन बनाए। क्लिंट मैके ने उन्हें अपनी ही गेंद पर लपका।
शाह के रूप में डेयरडेविल्स को तीसरा झटका लगा। उन्हें भी मैके ने ही आउट किया। शाह ने पांच गेंदों का सामना किया और वह अपना खाता भी नहीं खोल सके। आठवें ओवर में दिनेश कार्तिक भी चलते बने। उन्होंने सात गेंदों पर छह रन बनाए।
पांचवें विकेट के लिए तिलरत्ने दिलशान और मिथुन मन्हास के बीच सर्वाधिक 29 रनों की साझेदारी हुई। मैच के 16वें ओवर में दिलशान भी आउट हो गए। उन्होंने 18 रन बनाए। इसके अगले ही ओवर में मन्हास भी चलते बने। आखिरी ओवर में तेजी से रन बनाने के चक्कर में रजत भाटिया और प्रदीप सांगवान भी पेवेलियन की ओर चलते बने।
विक्टोरिया की ओर से मैके ने तीन तथा हारवूड और मैकडोनाल्ड ने दो-दो विकेट लिए। डेयरडेविल्स के कार्तिक रन आएट हुए।
इससे पहले डेयरडेविल्स के कप्तान गंभीर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
टॉस जीतने के बाद डेयरडेविल्स के कप्तान गौतम गंभीर ने कहा, "हम 140 से 150 के बीच स्कोर खड़ा करने की कोशिश करेंगे।"
विक्टोरिया के कप्तान कैमरून व्हाइट ने कहा, "हमारा लक्ष्य सीधी और अच्छी गेंदबाजी करके डेयर डेविल्स की टीम को कम से कम स्कोर पर रोकना होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications