सरीना-वीनस को डबल्स का ख़िताब
विश्व की नंबर एक महिला टेनिस खिलाड़ी अमरीका की सरीना विलियम्स और उनकी बड़ी बहन वीनस विलियम्स ने ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस में महिला युगल ख़िताब अपने नाम कर लिया है.
ऑस्ट्रेलियन ओपन में महिलाओं के डबल्स मुक़ाबले में ये उनका चौथा ख़िताब है.
सरीना और वीनस की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने ख़िताबी मुक़ाबले में शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी कारा ब्लैक और लिज़ेल ह्यूबर को सीधे सेटों में 6-4, 6-3 से मात दे दी.
बहनों की जोडी़ ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और 86 मिनट में ही ख़िताब अपने नाम कर लिया.
इसके जीत के साथ ही महिला युगल मुक़ाबलों में विलियम्स बहनों की जोडी़ ने 11 ग्रैंड स्लैम अपने नाम कर लिए हैं.
ग्यारह ग्रैंड स्लैम
पिछले छह मुक़ाबलों में सरीना-वीनस की जोड़ी ने चार ग्रैंड स्लैम ख़िताब जीते हैं. वर्ष 2009 में भी सरीना और वीनस ने ही यह ख़िताब अपने नाम किया था.
फ़ाइनल में विलियम्स बहनों की शुरुआत धीमी रही थी. एक समय जब पहले सेट में स्कोर 3-3 पर था उन्होंने प्रतिद्वंदी जोडी की सर्विस तोड़ दी और फिर पहला सेट आसानी से अपने नाम कर लिया.
आख़िरी क्षणों में उस समय खेल मज़ेदार हो गया, जब वीनस समझ ही नहीं पाई कि वो मैच जीत चुकी हैं.
उनका कहना था, "वास्तव में मुझे स्कोर का पता ही नहीं था, मैं समझ रही थी कि स्कोर 5-2 पर है. पता नहीं मैं कैस भूल गई."
जीत के बाद वीनस ने कहा, "मुझे लगता है कि मैं सच में पूरी तरह खेल पर केंद्रित थी और मेरी सर्विस आज काम कर रही थी."
उनका कहना था कि हाल के जीत ने उन्हें हि्म्मत दी कि वो अपने करियर में युगल मुक़ाबलों को गंभीरतापूर्वक लें.
सरीना महिलाओं के एकल मुक़ाबले के फ़ाइनल में भी पहुंच चुकी हैं और शनिवार को उनका मुक़ाबला बेल्ज़ियम की खिलाड़ी जेस्टिन हेना हार्डिन से होना है.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications