क्रिकेट विश्व कप : 'दबाव में नहीं बिखरेगी बांग्लादेशी टीम'
ढाका, 18 फरवरी (आईएएनएस)। बांग्लादेश क्रिकेट टीम के कप्तान शाकीबुल अल हसन का मानना है कि बांग्लादेश टीम पर घरेलू दर्शकों के सामने आईसीसी क्रिकेट विश्व कप-2011 में अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव है लेकिन इससे उसके खेल पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
शाकीबुल ने कहा कि तमाम अपेक्षाओं के बीच उनकी टीम शनिवार को भारत के साथ होने वाले अपने पहले ग्रुप मुकाबले में स्वाभाविक खेल दिखाएगी। यह मैच मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेला जाएगा।
23 वर्षीय शाकीबुल ने कहा कि उनकी टीम मैच दर मैच पर ध्यान देने की रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी। उस पर इस बात का बिल्कुल दबाव नहीं होगा कि उसका सामना भारत से हो रहा है या फिर किसी अन्य टीम के साथ।
कप्तान के मुताबिक उनकी टीम 2007 में वेस्टइंडीज में खेले गए विश्व कप के अपने पहले मुकाबले की तरह खेल दिखाने का प्रयास करेगी। उस मैच में बांग्लादेश ने भारत को पराजित किया था। बांग्लादेश के हाथों मिली हार के बाद भारत की चुनौती समाप्त हो गई थी।
अपने अहम मुकाबले की पूर्व संध्या पर शाकीबुल ने पत्रकारों से कहा, "हमें ग्रुप स्तर पर छह मैच खेलने हैं। हम मैच दर मैच पर ध्यान देंगे। हम भारत के बारे में नहीं सोच रहे हैं। अगर हम अच्छा करते हैं तो यह विश्व कप हमारे लिए सफल रहेगा।"
शाकीबुल ने कहा कि अपने घरेलू दर्शकों के सामने खेलते हुए विश्व कप की शुरुआत करना उनकी टीम के लिए अच्छा रहेगा। बकौल शाकीबुल, "हमारे लिए अच्छी बात है कि हम अपने घरेलू दर्शकों के सामने पहला मैच खेलेंगे। अगर हम अच्छा खेले तो यह हमारे लिए शानदार शुरुआत होगी।"
दर्शकों की अपेक्षाओं और उससे पैदा होने वाले दबाव के बारे में पूछे जाने पर शाकीबुल ने कहा, "हमारे खिलाड़ी इतने अनुभवी हैं कि वे अपेक्षाओं के दबाव में अच्छा खेल सकते हैं। जहां तक टीम की बात है तो हमारा ध्यान स्वाभाविक खेल दिखाने पर होगा। मेरे सभी साथी इस बात को लेकर खुश हैं कि उन्हें दर्शकों का भरपूर साथ मिलेगा।"
2007 विश्व कप और मौजूदा विश्व कप की भारतीय टीम के बारे में पूछे जाने पर शाकीबुल ने कहा कि मौजूदा टीम ने काफी सुधार किया है। शाकीबुल ने कहा, "2007 विश्व कप में खेल चुके कई खिलाड़ी इस टीम में हैं। इस टीम का संतुलन शानदार है और हाल के दिनों में इस टीम ने अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications