नई दिल्ली। सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने पांचवीं बार विंबलडन खिताब जीत लिया है। करीब पांच घंटे तक चले पुरुषों के सिंगल्स मुकाबले में उन्होंने स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को हराया। ये मैराथन मुकाबला पांच सेटों तक चला और आखिरी सेट का फैसला टाई ब्रेकर से हुआ। सर्बियाई सुपरस्टार ने स्विट्जरलैंड के महान टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर को विंबलडन 2019 के पुरुष सिंगल्स फाइनल में 7-6, 1-6, 7-6, 4-6 और 13-12 से मात दी।। जोकोविच का ये 16वां ग्रैंड स्लैम खिताब है। फेडरर 20 खिताब के साथ सबसे आगे हैं।
चार घंटे और 57 मिनट तक चला ये मैच विंबलडन इतिहास का सबसे लंबा फाइनल मैच है। नोवाक जोकोविच ने पहला और तीसरा सेट टाईब्रेकर में अपने नाम किया। फेडरर ने दूसरे सेट में वापसी की और ये सेट एकतरफा अंदाज में 6-1 से अपने नाम किया। फेडरर चौथे सेट में भी हावी रहे और ये सेट 6-4 से जीता और मैच को पांचवें सेट तक ले गए। फेडरर आठ बार विंबलडन का खिताब जीत चुके हैं।
दोनों के बीच पांचवें सेट में भी रोमांचक जंग देखने को मिली। फेडरर एक समय 2-4 से पिछड़ रहे थे, लेकिन फिर स्विस स्टार ने दमदार वापसी की और जोकोविच की सर्विस ब्रेक कर दी। इसके बाद उन्होंने अपनी सर्विस में जोकोविच को उलझाया और स्कोर 4-4 से बराबर कर दिया। इसके बाद जोकोविच और फेडरर ने अपनी-अपनी सर्विस में अंक हासिल करते हुए स्कोर 5-5 किया और फैंस के दिलों की धड़कन बढ़ा दी क्योंकि मुकाबला बेहद रोमांचक मोड़ पर आकर खड़ा हो चुका था।
दोनों खिलाडि़यों के बीच मुकाबला और रोचक होता गया और स्कोर 7-7 पर पहुंच गया। इस सेट में फैंस समझ ही नहीं पा रहे थे कि मैच किसके पक्ष में जाने वाला है। देखते ही देखते स्कोर 9-9 हो गया। आखिरकार मुकाबला टाई ब्रेक में गया और जोकोविच ने इसमें बाजी मारकर फेडरर के 21वें ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने के सपने को तोड़ दिया।