विश्वविद्यालय के उपकुलपति नजीब जंग ने आईएएनएस से बातचीत में रविवार को कहा, "जहां तक राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों की बात है तो हम 45 करोड़ रुपये की लागत से एक स्टेडियम का निर्माण करा रहे हैं। मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि हमारी तैयारियां सही दिशा में चल रही हैं और निर्धारित समय से पूर्व ही इसे पूरा भी कर लेंगे।"
उन्होंने कहा, "हम मार्च, 2010 तक खेलों की आयोजन समिति को यह स्टेडियम सुपुर्द कर देंगे।"
उल्लेखनीय है कि यह स्टेडियम राष्ट्रमंडल खेलों के तीन क्षेत्रों रग्बी, बैडमिंटन और टेबल टेनिस की प्रतियोगिताओं में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण का केंद्र रहेगा।
जंग ने कहा कि स्टेडियम अंतर्राष्ट्रीय श्रेणी का होगा जहां खिलाड़ियों को खुद को तैयार करने का अच्छा अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि मार्च महीने से अप्रैल तक इस स्टेडियम में बतौर रिहर्सल कई अंतर्राज्यीय प्रतियोगिताओं का आयोजन भी कराया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।