नई दिल्ली, 27 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैचों की श्रंखला के पांचवें और आखिरी मैच में रविवार को फिरोजशाह कोटला मैदान पर श्रीलंकाई टीम की पारी लड़खड़ा गई। उसके पांच विकेट केवल 71 रनों के योग पर गिर गए।
जहीर खान ने मैच की पहली ही गेंद पर उपुल थरंगा को बोल्ड कर दिया। खबर लिखे जाने तक श्रीलंका ने 20ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 71 रन बना लिए थे। थिलिना कन्डम्बी छह रन और मुथुमुदालिंगे पुष्पकुमार तीन रन बना कर क्रीज पर थे।
तिलकरत्ने दिलशान 20 रन बनाकर 11वें ओवर में जहीर खान की गेंद पर विकेटकीपर धौनी को कैच दे बैठे। संगकारा को 16वें ओवर में सुदीप त्यागी की गेंद पर सुरैश रैना ने लपका। अगले ओवर में हरभजन सिंह ने जयसूर्या को पगबाधा कर दिया। रैना ने 18 वें ओवर में समरवीरा को रनआउट किया।
इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कोहरे के कारण मैच 15 मिनट देरी से शुरू हुआ। दो मैचों के प्रतिबंध के बाद इस मैच में कप्तान महेंद्र सिंह धौनी की वापसी हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*