भारतीय टीम ने 9 वर्षो में जीते हैं 39 टेस्ट मैच
नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट इतिहास पर नजर डालने से पता चलता है कि इस टीम ने वर्ष 2000 के बाद से अब तक अपने हिस्से के सर्वाधिक 39 टेस्ट मैच जीते हैं। पिछले नौ वर्षो में भारतीय टीम ने 102 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उसे 39 में जीत और 27 में हार मिली है। 36 मैच बेनतीजा रहे हैं।
1930 के दशक में अपना पहला टेस्ट मैच खेलने वाली भारतीय टीम ने 1930 से 1940 के बीच कुल 20 मैच खेले थे। इस दौरान उसे एक भी जीत नहीं मिली थी। 11 मैचों में उसे हार मिली थी जबकि नौ मैच बेनतीजा रहे थे। 1950 के दशक में भारत ने टेस्ट मैचों में अपनी पहली जीत हासिल की। 1952 में उसने इंग्लैंड दौरे पर यह जीत प्राप्त की थी। इन दस वर्षो में भारतीय टीम ने कुल 44 मैच खेले। छह में उसे जीत मिली जबकि 17 में हार। 21 मैच ड्रॉ रहे थे।
1960 के दशक में भारतीय टीम ने कुल 52 मैच खेले लेकिन उसे सिर्फ नौ में जीत मिल सकी। 21 मैचों में उसे हार मिली जबकि 22 मौकों पर उसे ड्रॉ खेलना पड़ा था। 1970 के दशक में भारतीय टीम काफी मजबूत हो चुकी थी। यही कारण था कि उसने 64 में से 17 मैचों में जीत हासिल की। 19 मैचों में उसे हार मिली थी जबकि 28 मैच बेनतीजा रहे थे।
1980 के दशक में भारतीय टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। इस दौरान उसने कुल 81 मैच खेले लेकिन वह सिर्फ 11 में जीत हासिल कर सकी। 21 में उसे हार मिली। 48 मैचों का परिणाम नहीं निकल सका। 1990 के दशक में स्थिति थोड़ी सुधरी। इस दौरान भारतीय टीम ने कुल 69 मैच खेले और 18 में जीत हासिल की। 20 मौकों पर उसे पराजय झेलनी पड़ी थी जबकि 31 मैच बराबरी पर छूटे थे।
विदेशों में भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। उसने अब तक खेले गए कुल 432 मैचों में से 211 मैच विदेश में खेले हैं लेकिन वहां उसे सिर्फ 32 बार जीत मिल सकी है। 88 बार उसे हार मिली है जबकि 91 मौकों पर मैच बराबरी पर छूटा है। आंकड़ों पर दूसरी तरह निगाह डालें तो भारतीय टीम ने वर्ष 2000 से पहले विदेशों में कुल 155 मैच खेले थे जबकि उसे सिर्फ 13 जीत मिली थी। 69 मैचों में उसकी हार हुई थी। 73 मैच बेनतीजा रहे थे।
वर्ष 2000 के बाद इस स्थिति में काफी बदलाव आया। पिछले नौ वर्षो में भारतीय टीम ने सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले और महेंद्र सिंह धौनी की कप्तानी में कुल 56 मैच विदेशों में खेले हैं। उसे 19 मैचों में जीत और इतने ही मैचों में हार मिली है। 18 मैच बेनतीजा रहे हैं।
घरेलू पिचों पर भारतीय टीम ने सर्वाधिक जीत हासिल की है। यहां उसने 221 मैच खेलते हुए 68 जीत हासिल की है। 48 बार उसकी हार हुई है जबकि 104 मैचों का नतीजा नहीं निकल सका। गौर करने वाली बात यह है कि भारतीय टीम ने अपनी 100वीं टेस्ट जीत हासिल करने के लिए 432 मैचों का इंतजार किया। इस लिहाज से भारतीय टीम 100 या उससे अधिक जीत हासिल करने वाली टीमों से पिछड़ गई।
आस्ट्रेलियाई ने जहां 199 मैचों में 100 जीत हासिल कर ली थी, वहीं इंग्लैंड ने 241, वेस्टइंडीज ने 266, दक्षिण अफ्रीका ने 360 और पाकिस्तान ने 320 मैचों में यह मुकाम हासिल कर लिया था। भारतीय टीम ने 432 मैचों में 100वीं जीत हासिल की जबकि 136 मौकों पर उसे हार का सामना करना पड़ा है। 195 मुकाबले बेनतीजा रहे हैं। इस तरह भारतीय टीम की जीत-हार का प्रतिशत 0.73 रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications