बैंगलोर की ओर से राहुल द्रविड़ 59 और विराट कोहली दो रन बनाकर खेल रहे हैं।
बैंगलोर का पहला विकेट छठे ओवर में जैक्स कालिस के रूप में गिरा। उन्होंने 14 गेंदों में तीन चौके की मदद से 15 रन बनाए। सातवें ओवर में रोबिन उत्थप्पा महज छह रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। इसके बाद 11वें ओवर में टेलर नौ रन बनाकर आउट हुए। कैमरन व्हाइट ने आठ गेंदों में सात रन बनाए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए। मुंबई की ओर से सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने 41 और सौरभ तिवारी ने नाबाद 38 रनों का योगदान दिया।
मुंबई की शुरुआत खराब रही और तीसरे ओवर में उसने कप्तान सचिन तेंदुलकर का विकेट गंवा दिया। तेंदुलकर 11 रन निजी योग पर पेवेलियन लौटे। इसके बाद चौथे ओवर में अंबाती रायडू तीन रन बनाकर और नौवें ओवर में जीन पॉल डुमिनी 10 रन बनाकर आउट हो गए। उस समय टीम का कुल योग 51 रन था।
मुंबई को शुरुआती झटकों के बावजूद सलामी बल्लेबाज शिखर धवन एक छोड़ से संघर्ष करते रहे और उन्होंने 37 गेंदों में दो चौके और दो छक्के की मदद से 41 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए केरन पोलार्ड बिना खाता खोले पेवेलियन लौट गए। ड्वेन ब्रावो ने 17 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 29 रन बनाए। हरभजन सिंह छह गेंदों में तीन चौके की मदद 14 रन बनाकर रन आउट हो गए। सौरभ तिवारी 30 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 38 रन बनाकर नाबाद रहे।
बैंगलोर की ओर से डेल स्टेन को तीन विकेट मिले जबकि प्रवीण कुमार, विनय कुमार और जैक्स कालिस को एक-एक विकेट मिला।
सचिन तेंदुलकर की कप्तानी में खेल रही मुंबई की टीम का यह चौथा मुकाबला है जबकि अनिल कुंबले की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स टीम अपना तीसरा मैच खेल रही है। मुंबई को अब तक दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है जबकि रॉयल चैलेंजर्स टीम को एक जीत और एक हार मिली है।
तालिका में रॉयल चैलेंजर्स दो अंकों के साथ दूसरे और मुंबई दो अंकों के साथ तीसरे क्रम पर है।
ग्रुप-बी में आस्ट्रेलियाई क्लब साउथ आस्ट्रेलिया अपने तीनों मैच जीतकर छह अंकों के साथ पहले स्थान पर है। उसका सेमीफाइनल में पहुंचना तय माना जा रहा है।
चैम्पियंस लीग के दूसरे संस्करण में न्यूजीलैंड से सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स स्टैग्स, भारत से चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और बेंगलोर रॉयल चैलेंजर्स, गयाना, दक्षिण अफ्रीका से लायंस और वारियर्स, आस्ट्रेलिया से साउथ आस्ट्रेलिया और विक्टोरिया तथा श्रीलंका से वायंबा की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।