IND vs NZ, 2nd Test: जारी है विराट कोहली का फ्लॉप शो, जिन खिलाड़ियों पर उठाई उंगली उनसे बरसे रन
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के तहत जारी 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और अंतिम मैच क्राइस्टचर्च में शुरु हो गया है। हेडिंग्ले ओवल के मैदान पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में एक बार फिर न्यूजीलैंड की टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम की खराब बल्लेबाजी का फ्लॉप शो एक बार फिर देखने को मिला और पहले मैच की तरह इस मैच की पहली पारी में भी भारतीय टीम बेहद कम स्कोर पर ऑल आउट हो गई।
और पढ़ें: IPL से पहले दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका, शुरुआती मैचों से बाहर हो सकता है यह तेज गेंदबाज
भारतीय टीम ने पहली पारी में वेलिंगटन से बेहतर खेल दिखाते हुए क्राइस्टचर्च में 200 के आंकड़े को पार किया और 242 रन पर ऑल आउट हो गई। बदले में रनों का पीछा करने उतरी कीवी टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले दिन का खेल खत्म होने तक बिना कोई विकेट गंवाये 63 रन बना लिये हैं। टॉम लैथम 27 रन और टॉम ब्लैंडल 29 रन की पारी बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं।
और पढ़ें: अभी तय नहीं है एशिया XI के लिये विराट कोहली का खेलना, इस बात पर करेगा निर्भर

विराट कोहली का फ्लॉप शो जारी
न्यूजीलैंड दौरे पर लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे भारतीय कप्तान विराट कोहली एक बार फिर से खराब फॉर्म का शिकार रहे और कीवी टीम के खिलाफ पहले मैच में महज 3 रन बनाकर आउट हो गये। विराट कोहली को एक बार फिर टिम साउथी ने अपना शिकार बनाया और 3 रन के निजी स्कोर पर LBW कर वापस पवेलियन की राह दिखाई। विराट कोहली के करियर में यह 10वां मौका था जब टिम साउथी ने उन्हें अपना शिकार बनाया और वापस पवेलियन भेजा। इसके साथ ही वह विराट कोहली को सबसे ज्यादा बार आउट करने वाले गेंदबाज भी बन गये।

कोहली ने जिन खिलाड़ियों पर उठाई उंगली उन्होंने बचाई लाज
दूसरे टेस्ट मैच से पहले कप्तान विराट कोहली ने जिन खिलाड़ियों के बल्लेबाजी करने के तरीके पर उंगली उठाई थी उन सभी खिलाड़ियों ने इस मैच में रन बनाये जबकि बाकि बल्लेबाजों का फ्लॉप शो लगातार जारी रहा। विराट कोहली ने मैच शुरु होने से पहले चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी के धीरे खेलने के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा था कि स्लो खेलने के चलते दूसरे खिलाड़ी पर दबाव आता है और वो जल्दी आउट हो जाते हैं।
क्राइस्टचर्च में भारतीय टीम के लिये चेतेश्वर पुजारा ने 140 गेंद में 6 चौकों की मदद से 54 रन की पारी खेली जबकि हनुमा विहारी ने 70 गेंद में 10 चौकों की मदद से 55 रन बनाये। वहीं लगातार शुरुआत देने में नाकाम रहने वाले सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने भी वापसी की और 64 गेंद में 8 चौके और 1 छक्के की मदद से 54 रन बनाये।

जैमिसन ने फिर तोड़ी भारतीय बल्लेबाजी की कमर
न्यूजीलैंड के लिये पिछले मैच में डेब्यू करने वाले काइल जैमिसन ने इस मैच में भी शानदार गेंदबाजी की और 14 ओवर में 45 रन देकर 5 विकेट चटकाये। जैमिसन ने अपनी गेंदबाजी के दौरान पृथ्वी शॉ (54), चेतेश्वर पुजारा (54), रविंद्र जडेजा (9), उमेश यादव (0) और ऋषभ पंत (12) का विकेट हासिल किया।

2 बदलाव के साथ उतरी है भारतीय टीम, अभी तक बेअसर
आज के मैच में भारतीय टीम 2 बड़े बदलावों के साथ उतरी है। पहले मैच में 5 विकेट हासिल करने वाले इशांत शर्मा के टखने में एक बार फिर चोट लग जाने की वजह से वह दूसरे मैच से बाहर हो गये हैं जिसके चलते टीम में उमेश यादव को शामिल किया गया है वहीं ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन के बल्लेबाजी में नाकाम रहने की वजह से उनकी जगह रविंद्र जडेजा को मौका दिया गया है।
बल्लेबाजी में दोनों ही खिलाड़ियों ने निराश किया जबकि गेंदबाजी में दोनों ही खिलाड़ी अभी कुछ कमाल नहीं कर सके हैं। उमेश यादव ने 8 ओवर गेंदबाजी कर 1 मेडन समेत 20 रन दिये हैं जबकि रविंद्र जडेजा ने 1 ओवर फेंका है और वो भी मेडन। भारतीय टीम को अगर इस मैच में वापसी करनी है तो जल्द से जल्द कीवी टीम को ऑल आउट करना होगा।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
