कार्तिक ने 56 गेंदों की शानदार पारी के दौरान पांच चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के साथ दूसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाई थी। कार्तिक 10 रन के कुल योग पर बल्लेबाजी के लिए आए थे।
कार्तिक के पेवेलियन लौटने से कुछ समय पहले सहवाग 37 गेंदों पर दो छक्कों और छह चौकों की मदद से 46 रन बनाकर दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रन आउट हुए। कार्तिक का एक सीधा स्ट्रोक गेंदबाज चार्ल लैंगवेल्ट के हाथों को छूते हुए सीधे सामने की विकेट पर जा लगा। सहवाग उस समय क्रिज छोड़ चुके थे। इस तरह उनकी शानदार पारी का दुखद: अंत हुआ।
खबर लिखे जाने तक मेजबान टीम ने 22 ओवरों की समाप्ति तक तीन विकेट खोकर 133 रन बना लिए थे। महेंद्र सिंह धौनी 24 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 23 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि विराट कोहली ने सात रन बनाए थे।
इससे पहले, तेंदुलकर चार रन के व्यक्तिगत योग पर वायने पार्नेल के हाथों रन आउट हुए। उस समय भारतीय टीम का कुल योग 10 रन था। तेंदुलकर ने पांच गेंदों का सामना करते हुए एक चौका लगाया।
इस मैच के लिए जहीर खान, युवराज सिंह और गौतम गंभीर चोटिल होने के कारण टीम को अपनी सेवाएं नहीं दे पा रहे हैं जबकि ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने अपनी बहन के विवाह के कारण दो मैचों में नहीं खेलने का फैसला किया है।
नियमित कप्तान ग्रीम स्मिथ की गैरमौजूदगी में हरफनमौला खिलाड़ी जैक्स कैलिस इस मैच के लिए मेहमान टीम की कमान संभाल रहे हैं। स्मिथ चोटिल हैं।
आतंकी हमले के खतरे को देखते हुए मानसिंह स्टेडियम के अंदर और बाहर सुरक्षा की जबरदस्त व्यवस्था की गई है। स्टेडियम के अंदर प्रवेश पाने वालों को बहुस्तरीय जांच व्यवस्था से होकर गुजरना पड़ा।
तीन मैचों की इस श्रृंखला का दूसरा मैच 24 फरवरी को ग्वालियर के कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम में खेला जाएगा जबकि तीसरा मैच 27 फरवरी को अहमदाबाद के करीब मोटेरा में स्थित सरदार पटेल स्टेडियम में होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।