जीत के लिए बांग्लादेश को अभी भी 316 रन बनाने की जरूरत है जबकि उसके सिर्फ पांच विकेट सुरक्षित हैं। दिन का खेल खत्म होने तक कप्तान सकीबुल हसन (0) और मुश्फिकुर रहीम (10) रन बनाकर नाबाद लौटे। न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान डेनियल विटोरी ने दो और क्रिस मार्टिन तथा जीतन पटेल ने एक-एक विकेट चटकाए हैं।
इससे पहले, तीसरे दिन के अपने स्कोर एक विकेट पर नौ रन से आगे खेलते हुए मेजबान टीम ने अपनी दूसरी पारी पांच विकेट पर 258 रनों पर घोषित कर दी। पहली पारी में उसे 145 रनों की बढ़त मिली थी। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 553 रन बनाए थे जबकि बांग्लादेशी टीम पहली पारी में 408 रन बना सकी थी।
दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के लिए टिम मिशिंटोस ने 164 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 89 रनों की पारी खेली जबकि रॉस टेलर ने 51 और मार्टिन गुपटिल ने नाबाद 53 रन बनाए।
टेलर ने अपनी 72 गेंदों की पारी में छह चौके लगाए जबकि गुपटिल ने 85 गेंदों पर तीन छक्के जड़े। मेजबान टीम के तीन बल्लेबाज रन आउट हुए। बांग्लादेश की ओर से महमुदुल्लाह ने दो विकेट झटके। महमुदुल्लाह ने पहली पारी में 115 रनों की शानदार पारी खेली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।