Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

सचिन के दोहरे शतक पर भारत ने लिखी श्रृंखला में जीत की इबारत (राउंडअप)

ग्वालियर, 24 फरवरी (आईएएनएस)। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के एकदिवसीय क्रिकेट के इतिहास में किसी भी क्रिकेटर द्वारा लगाए गए पहले दोहरे शतक की बदौलत टीम इंडिया ने कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम में दिन-रात के एकदिवसीय मुकाबले में दक्षिणी अफ्रीका को न सिर्फ 153 रनों से पराजित करने का बल्कि तीन मैचों की श्रृंखला जीत कर 2-0 से अजेय बढ़त हासिल करने का भी जश्न मनाया।

सचिन की 200 रनों की नाबाद पारी की बदौलत भारत द्वारा रखे गए 402 रनों के पहाड़ से लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 43 वे ओवर में 248 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई। उसकी तरफ से सिर्फ अब्राहम डिविलियर्स ने ही संघर्ष किया और अपनी टीम के लिए 101 गेंदों पर सर्वाधिक 114 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली।

मध्यम गति के तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार ने सलामी बल्लेबाज हर्शेल गिब्स को सस्ते में पेवेलियन लौटाकर भारतीय टीम को शुरुआती राहत दी। इसके बाद शांताकुमारन श्रीसंत ने पिछले मैच की नाकामी को भुलाकर बेहतरीन फार्म में चल रहे हाशिम अमला और वान डेर मर्व को आउट कर दक्षिण अफ्रीका की उम्मीदों को पूरी तरह धूमिल कर दिया। खतरनाक दिख रहे अमला ने 22 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 34 रन बनाए जबकि मर्व 12 रन बना सके।

कार्यकारी कप्तान जैक्स कैलिस के रूप में दक्षिण अफ्रीका का चौथा विकेट गिरा। उन्होंने 13 गेंदों का सामना किया और 11 रन बनाए। तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद ए. पीटरसन और जे. पी. ड्यूमिनी भी चलते बने। पीटरसन ने 9 और ड्यूमिनी ने 0 रन बनाए। रवींद्र जडेजा ने पीटरसन को बोल्ड किया वहीं यूसुफ पठान ने ड्यूमिनी को एलबीडब्ल्यू आउट किया। मार्क बाउचर के रूप में सातवां विकेट गिरने के बाद आठवें विकेट के लिए डिविलियर्स और पार्नेल ने सर्वाधिक 77 रनों की साझेदारी की। पार्नेल 18 रन बनाकर पेवेलियन लौटे। उन्हें नेहरा ने क्लीन बोल्ड किया। नौवें और दसवें विकेट के रूप में क्रमश: डेल स्टेन और लेंगरवेल्ट आउट हुए।

भारत की ओर से श्रीसंत ने तीन आशीष नेहरा, रवींद्र जडेजा तथा यूसुफ पठान ने दो-दो और प्रवीण कुमार ने एक विकेट हासिल किया।

इससे पहले, मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के करियर के पहले दोहरे शतक की बदौलत भारतीय क्रिकेट टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 401 रन बनाए। भारतीय क्रिकेट टीम ने यूसुफ पठान के रूप में अपना तीसरा विकेट गंवाया था। यूसुफ 300 रन के कुल योग पर पेवेलियन लौटे। यूसुफ ने 23 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 36 रन बनाए। उन्होंने तेंदुलकर के साथ तीसरे विकेट के लिए 89 रन जोड़े।

इसके बाद तेंदुलकर और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने चौथे विकेट के लिए 101 रनों की तूफानी साझेदारी निभाई। इसी दौरान तेंदुलकर ने 200 रनों का व्यक्तिगत आंकड़ा पार किया। ऐसा करने वाले वह विश्व के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने अपनी 147 गेंदों की यादगार पारी के दौरान 25 चौके और तीन छक्के लगाए। धौनी ने 37 गेंदों पर 68 रनों की अपनी तूफानी पारी के दौरान सात चौके और चार छक्के लगाए।

एकदिवसीय मैचोंे में 13 हजार से अधिक रन बना चुके तेंदुलकर ने पाकिस्तान के सईद अनवर और जिंबाब्वे के केविन कोवेंट्री का रिकार्ड तोड़ा। अनवर ने भारत के खिलाफ 1997 में चेन्नई में 194 रनों की पारी खेली थी जबकि कोवेंट्री ने 2009 में बांग्लादेश के खिलाफ बुलावायो में नाबाद 194 रन बनाए थे।

एकदिवसीय मैचों में इससे पहले तेंदुलकर का सर्वोच्च व्यक्तिगत योग 186 (नाबाद) था, जो उन्होंने 1999 हैदराबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाए थे। तेंदुलकर पांच मौकों पर 150 रनों से अधिक की व्यक्तिगत पारी खेल चुके हैं।

भारत ने दिनेश कार्तिक के रूप में अपना दूसरा विकेट गंवाया था। कार्तिक 85 गेंदों पर चार चौकोंे और तीन छक्कों की मदद से 79 रनों की आकर्षक पारी खेलने के बाद वायने पार्नेल की गेंद पर हर्शेल गिब्स के हाथों लपके गए। उस समय भारत का कुल योग 219 रन था। कार्तिक ने सचिन तेंदुलकर के साथ दूसरे विकेट के लिए 194 रन जोड़े।

एक छोर पर कार्तिक का साथ पाकर तेंदुलकर ने अपने करियर का 46वां शतक लगाया और भारतीय क्रिकेट टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। मात्र 37 गेंदों की मदद से अर्धशतक पूरा करने वाले तेंदुलकर ने 90 गेंदों पर 13 चौकों की मदद से शतक पूरा किया।

भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 रन के कुल योग पर ही अपने सलामी बल्लेबाज वीरेंद सहवाग का विकेट गंवा दिया था। सहवाग को पार्नेल ने डेल स्टेन के हाथों कैच कराया। सहवाग ने 11 गेंदों का सामना करते हुए नौ रन बनाए।

इस मैच में जहीर खान, युवराज सिंह और गौतम गंभीर चोटिल होने के कारण टीम को अपनी सेवाएं नहीं दे पाए जबकि ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने अपनी बहन के विवाह के कारण दो मैचों में नहीं खेलने का फैसला किया है। भज्जी पहले मुकाबले में भी नहीं खेले थे। वह अहमदाबाद में खेले जाने वाले तीसरे मुकाबले के लिए टीम में वापसी करेंगे। भारतीय टीम उन्हीं खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरी, जो पहले मुकाबले में खेले थे।

दूसरी ओर, नियमित कप्तान ग्रीम स्मिथ की गैरमौजूदगी में हरफनमौला खिलाड़ी जैक्स कैलिस ने इस मैच के लिए मेहमान टीम की कमान संभाली। स्मिथ चोटिल हैं। तीन मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम ने अब 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। उसने रविवार को जयपुर में खेला गया पहला मुकाबला एक रन के अंतर से जीता था। तीसरा मैच 27 फरवरी को अहमदाबाद के करीब मोटेरा में स्थित सरदार पटेल स्टेडियम में होगा।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:31 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+