अहमदाबाद टेस्ट : हरभजन-लक्ष्मण की बदौलत पहला टेस्ट ड्रॉ (राउंडअप)
हरभजन सिंह ने इस दौरान सातवें विकेट के लिए लक्ष्मण के साथ मिलकर रिकॉर्ड 163 रनों की साझेदारी की।
पहली पारी में 69 रन बनाने वाले हरभजन सिंह ने सोमवार को इससे आगे बढ़ते हुए 193 गेंदों में 11 चौके और एक छक्के की मदद से 115 रनों की बेहतरीन पारी खेली।
टेस्ट मैच के आखिरी और पांचवें दिन भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 295 रनों का लक्ष्य रखा था। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 22 रन बनाए थे। चाय काल के कुछ ही देर बाद दोनों कप्तान मैच को ड्रॉ कराने पर सहमत हो गए।
भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान ने दूसरी पारी के पहले ओवर में टिम मैक्िंटोश को पगबाधा आउट कर पेवेलियन का रास्ता दिखाया। मैच ड्रॉ होने से पहले ब्रेंडन मैक्कलम 11 और वाटलिंग दो रन पर नाबाद थे।
तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला का दूसरा मैच हैदराबाद में 12 से 16 नवंबर तक खेला जाएगा।
लक्ष्मण खराब अंपायरिंग के शिकार रहे जो मात्र नौ रन से अपना शतक चूक गए। हरभजन सिंह को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'मैन ऑफ द मैच' का पुरस्कार दिया गया।
न्यूजीलैंड की ओर से तेज गेंदबाज क्रिस मार्टिन ने सर्वाधिक पांच जबकि डेनियल विटोरी और रॉस टेलर ने दो-दो विकेट झटके।
मैच का पांचवां और निर्णायक दिन हरभजन और लक्ष्मण के नाम रहा जिन्होंने धर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए विपक्षी गेंदबाजों को एक-एक विकेट के लिए तरसाया।
रॉस टेलर की गेंद पर आउट होने से पहले हरभजन टीम को संकट से निकाल चुके थे। भारतीय टीम दूसरी पारी में 266 रन पर सिमटी। पहली पारी में मिली 28 रनों की बढ़त के आधार पर कीवी टीम को 295 रनों का लक्ष्य मिला।
चौथे दिन छह प्रमुख बल्लेबाजों के पेवेलियन लौटने के बाद लक्ष्मण पर टीम इंडिया को संकट से उबराने की जिम्मेदारी थी। उन्होंने चौथे और पांचवे दिन इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाया। आखिरी दिन के शुरुआती सत्र में उन्होंने न तो खुद कोई जोखिम उठाया और न ही हरभजन को संयम खोने दिया। लक्ष्मण ने 91 रनों की पारी खेली।
खेल के चौथे दिन दूसरी पारी में शीर्ष भारतीय बल्लेबाजों ने कीवियों के सामने घुटने टेक दिए थे। भारतीय पारी के संकट में होने का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक समय भारत के पांच खिलाड़ी महज 15 रनों के कुल स्कोर पर पेवेलियन लौट चुके थे।
कप्तान महेंद्र सिंह धौनी भी छठे विकेट के रूप में जब आउट हुए तो उस समय टीम का स्कोर सिर्फ 65 रन था। चौथे दिन का खेल खत्म होने पर भारतीय टीम ने छह विकेट पर 82 रन बनाए थे।
कीवी टीम ने भारत की पहली पारी के 487 रनों के जवाब में 459 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड की ओर से केन विलियम्सन ने सर्वाधिक 131 और जेसी राइडर ने 103 रनों की शानदार पारी खेली। ब्रेंडन मैकलम 65 और रॉस टेलर ने 56 रन बनाए।
मैच के पहले दिन सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (173) और राहुल द्रविड़ (104) ने बेहतरीन पारी खेल अपनी टीम को मजबूती प्रदान की थी। इनके अलावा सचिन तेंदुलकर और लक्ष्मण ने 40-40 रन बनाए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications