विवादों ने टीम को जोड़ने का काम किया है : राजपाल सिंह
नई दिल्ली, 25 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय हॉकी टीम पिछले कुछ समय से भले ही गलत कारणों से चर्चा में रही है लेकिन कप्तान राजपाल सिंह का मानना है कि रविवार से शुरू हो रहे विश्व कप के लिए तैयारियों में जुटी टीम की एकता विवादों के कारण ही बढ़ी है।
राजपाल पिछले महीने पुणे में अपनी टीम द्वारा अभ्यास शिविर का बहिष्कार करने के कारणों की तह में नहीं जाना चाहते क्योंकि आज की तारीख में वह अपने साथियों के उस फैसले को लेकर खुश हैं। राजपाल ने कहा कि वह इस बात को लेकर संतुष्ट हैं कि विवाद के कारण टीम का भला हुआ।
राजपाल ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "अगर लोग इसे विवाद का नाम देना चाहते हैं तो ठीक है। हमें इस विवाद से फायदा ही हुआ है। इससे हमारी एकता बढ़ी है और हम पहले से बेहतर इकाई के तौर पर सामने आए हैं।"
राजपाल ने कहा कि विश्व कप की तैयारियों में जुटे उनके साथियों का मनोबल काफी ऊंचा है। बकौल राजपाल, "हम तैयारी में जुटे हैं। हमारा मनोबल काफी ऊंचा है। हम तो 28 फरवरी को पाकिस्तान के साथ खेले जाने वाले अपने पहले ग्रुप मुकाबला का इंतजार कर रहे हैं। हम आपको इस बात को लेकर आश्वस्त करना चाहते हैं कि जीत हासिल करने के लिए हम अपनी पूरी ताकत झोंक देंगे।"
रिकार्ड का हवाला देने के बाद कि पाकिस्तान ने पिछले तीन मुकाबलों में भारत को हराया है, राजपाल ने कहा कि पिछले मैचों के नतीजे का आने वाले मैच के परिणाम पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
राजपाल ने कहा, "आने वाला मैच दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण है। यह अच्छा है कि हम अपने पहले ही मुकाबले में पाकिस्तान के सामने हैं। हमें अपने घर में खेलने का फायदा मिलेगा और मुझे पूरा यकीन है कि हम यह मैच जीतने में सफल रहेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications