गेल ने की 4-1 से श्रृंखला जीतने की भविष्यवाणी
मेलबर्न, 6 फरवरी (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज के कप्तान क्रिस गेल ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को आरंभ हो रही पांच मैंचों की एकदिवसीय श्रृंखला को 4-1 से जीतने की भविष्यवाणी की है जबकि शानदार फार्म में चल रही आस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान रिकी पोटिंग ने कहा है कि वह कोई भविष्यवाणी तो नहीं करेंगे लेकिन उन्हें भरोसा है कि उनके खिलाड़ी अपने प्रदर्शन में और सुधार लाएंगे।
वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' ने गेल के हवाले से कहा, "सच कहूं, इस श्रृंखला में हम आस्ट्रेलिया को 4-1 से पराजित करने जा रहे हैं। हमारे लिए चिंता की कोई बात नहीं है।"
गेल ने यह भविष्यवाणी उस वक्त आई है जब आस्ट्रेलिया ने हाल ही में पाकिस्तान को पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में 5-0 से पराजित किया। आस्ट्रेलिया ने न सिर्फ अपने पिछले 24 मैचों में 20 में जीत दर्ज की है बल्कि 18 माह पहले वेस्टइंडीज को उसी की जमीन पर 5-0 से एकदिवसीय श्रृंखला में मात भी दी थी।
गेल ने कहा, "आस्ट्रेलिया की टीम अच्छा क्रिकेट खेल रही है। उन्हें हराना आसान नहीं होगा। हमारे खिलाड़ी अनुभवहीन जरूर हैं लेकिन उनके पास अच्छा प्रदर्शन करने का सुनहरा मौका है।"
चोट की वजह से शिवनारायण चंद्रपाल, रामनरेश सरवन और ड्वेन ब्रावो को वेस्टइंडीज टीम में शामिल नहीं किया गया है। इसलिए बल्लेबाजी का सारा दारोमदार गेल के अलावा ड्वेन स्मिथ और केरोन पोलार्ड पर रहेगा।
पोटिंग ने भविष्यवाणी करने से इंकार करते हुए कहा, "गेल शीर्ष क्रम के अच्छे बल्लेबाज हैं। वह अच्छे फार्म में भी हैं। जहां तक श्रृंखला के परिणामों का सवाल है, कौन क्या कहता हैं, मैं उसकी चिंता नहीं करता।"
उन्होंने कहा, "मैं बस यही कहना चाहूंगा कि मुझे पूरा विश्वास है कि मेरे खिलाड़ी अपने प्रदर्शन में और सुधार करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications