खबर लिखे जाने तक मेजबान टीम ने 32 ओवरों की समाप्ति तक तीन विकेट खोकर 179 रन बना लिए थे। इमरुल कायेस 99 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 70 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि रकीबुल हसन ने चार रन बनाए थे। 16 रन अतिरिक्त के तौर पर जुड़े हैं।
मेजबान टीम को तीसरा झटका कप्तान सकीबुल के रूप में लगा। वह खाता खोले बगैर 156 रन के कुल योग पर जहीर खान द्वारा रन आउट किए गए। इससे ठीक पहले 148 रन के कुल योग पर रवींद्र जडेजा ने अशरफुल को बोल्ड किया था। अशरफुल ने 48 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 29 रन बनाए।
मेजबान टीम ने सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल के रूप में अपना पहला विकेट गंवाया था। तमीम 60 रनों की तूफानी पारी खेलने के बाद शांताकुमारन श्रीसंत की गेंद पर गौतम गंभीर के हाथों लपके गए थे। 33 गेंदों पर अर्धशतक पूरा करने वाले तमीम ने 42 गेंदों की पारी के दौरान 10 चौके और एक छक्का जड़ा। तमीम का विकेट 80 रन के कुल योग पर गिरा।
इस श्रृंखला में दोनों टीमें एक-एक मैच गंवा चुकी हैं। चार जनवरी को खेले गए पहले मुकाबले में श्रीलंका ने बांग्लादेश को पराजित किया था जबकि पांच जनवरी को खेले गए दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम भी श्रीलंका के हाथों पांच विकेट से हार गई थी।
बांग्लादेश के हाथों हार की सूरत में भारतीय टीम की अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की टीमों की तालिका में पहले स्थान पर पहुंचने का सपना फिलहाल पूरा नहीं हो सकेगा। इस संभावना को बनाए रखने के लिए उसे इस श्रृंखला के बाकी सभी मैच जीतने होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।