सरकार ने हॉकी विश्व कप पर आतंकी खतरे को खारिज किया
सरकार ने कहा कि किसी तरह के आतंकी हमले का खतरा नहीं होने के बावजूद 13 मार्च तक चलने वाले इस अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजन के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह सचिव जी. के. पिल्लै ने कहा, "जेहाद का ऐलान करना आतंकवादियों का काम है और हमारा काम सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम उठाना है। हॉकी विश्व कप को लेकर कोई नया या पुष्ट खतरा हमारे सामने नहीं आया है।"
पिल्लै ने अल कायदा से जुड़े एक पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन द्वारा भारत में होने वाले खेल आयोजनों में हिस्सा लेने वाली टीमों पर हमले की धमकी दिए जाने के संदर्भ में यह बात कही।
आतंकवादी संगठन ने कहा था कि वह हॉकी विश्व कप, इंडियन प्रीमियर लीग और राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान विदेशी खिलाड़ियों को अपना निशाना बना सकता है।
पिल्लै ने कहा कि हॉकी विश्व कप में हिस्सा लेने वाली टीमों के खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों की सुरक्षा के लिए भारत सरकार ने सभी तरह के एहतियाती कदम उठाए हैं।
बकौल पिल्लै, "हमने अल कायदा के सहयोगी संगठन की ओर से मिली धमकी को गंभीरता से लिया है और इसी को देखते हुए हमने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। हमारी कोशिश खिलाड़ियों और आयोजन स्थलों को पूरी सुरक्षा देने की है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications