टीम के साथ दुबई नहीं जाएंगे आलम, हो सकती है छुट्टी
कराची, 8 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कोच इंतिखाब आलम का भविष्य अधर में दिखाई दे रहा है। इस महीने के अंत में दुबई में इंग्लैंड के साथ खेली जाने वाली ट्वेंटी-20 श्रृंखला के लिए वह टीम के साथ नहीं होंगे।
आस्ट्रेलिया में मिली शर्मनाक हार के बाद 68 वर्षीय आलम को फिलहाल टीम से अलग कर दिया गया है। इसे लेकर उनके भविष्य पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के करीबी सूत्रों ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि आलम को बर्खास्त किए जाने का फैसला हो चुका है। पीसीबी पहले उनके उत्तराधिकारी का चयन कर लेगी, तब जाकर उनकी बर्खास्तगी की खबर सार्वजनिक की जाएगी।
इधर, आलम के करीबी माने जाने वाले पीसीबी के मुख्य परिचालन अधिकारी वसीम बारी ने कहा है कि आलम को बर्खास्त नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि आलम को लेकर जल्द ही कोई फैसला लिया जाएगा।
पीसीबी ने दुबई दौरे के लिए किसी को मुख्य कोच न बनाकर पूर्व बल्लेबाज एजाज अहमद को बल्लेबाजी और क्षेत्ररक्षण कोच की जिम्मेदारी दी है।
टीम प्रबंधक के तौर पर आस्ट्रेलिया दौरा करने वाले अब्दुल रकीब को हटाकर यावर सईद को नया टीम प्रबंधक बनाया गया है। यावर पीसीबी प्रमुख एजाज बट्ट के करीबी माने जाते हैं।
दुबई दौरे के लिए टीम में भी कई परिवर्तन किए गए हैं। अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल को बाहर कर दिया गया है और उनके स्थान पर विकेट के पीछे की जिम्मेदारी सरफराज अहमद को दी गई है।
इन मैचों के लिए शोएब मलिक को टीम की कमान सौंपी गई है। नियमित ट्वेंटी-20 कप्तान शाहिद अफरीदी पर दो मैचों का प्रतिबंध लगाए जाने के बाद मलिक ने मेलबर्न में आस्ट्रेलिया के साथ खेले गए ट्वेंटी-20 मैच में भी टीम की कमान संभाली थी।
अफरीदी को दुबई दौरे के लिए टीम में शामिल किया गया है लेकिन वह प्रतिबंध के कारण पहला मैच नहीं खेल सकेंगे।
टीम इस प्रकार है : इमरान नजीर, इमरान फरहत, खालिद लतीफ, उमर अकमल, शोएब मलिक, फवद अहमद, शाहिद अफरीदी, अब्दुल रज्जाक, सरफराज अहमद, उमर गुल, सईद अजमल, यासिर अराफात, वहाब रियाज, मोहम्मद ताल्हा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications