खेल मंत्री मनोहर सिंह गिल ने शुक्रवार को कहा कि मध्य प्रदेश सरकार की ओर से प्राप्त एक करोड़ रुपये अतिशीघ्र महिला खिलाड़ियों के बीच समान रूप से वितरित कर दिए जाएंगे।
गिल ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि मध्य प्रदेश सरकार महिला खिलाड़ियों की मदद के लिए आगे आई है। मैंने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात की है और वह टीम की मदद के लिए इससे बढ़कर भी कुछ करना चाहते हैं।"
गिल ने कहा कि उन्होंने टीम की गोलकीपर दीपिका मूर्ति से बात की है और उन्हें उन खिलाड़ियों की सूची बनाने को कहा है, जिन्हें लंबे समय से वेतन और भत्ता नहीं मिला है।
चौहान ने गुरुवार को कहा था कि उनकी सरकार महिला टीम की जरूरतों से जुड़े सभी खर्च वहन करने को तैयार है।
राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 40 महिला खिलाड़ी इन दिनों भोपाल में अभ्यासरत हैं। इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय शिविर का बहिष्कार नहीं करने का फैसला किया है लेकिन विरोध स्वरूप वे काली पट्टी बांधकर अभ्यास कर रही हैं।
इस बीच, हॉकी इंडिया (एचआई) ने भी महिला खिलाड़ियों को मदद का आश्वासन दिया है। एचआई की कार्यकारी अध्यक्ष विद्या स्टोक्स ने अपने बयान में कहा, "महिला खिलाड़ियों को पुरुषों के बराबर भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा उन्हें पुरुषों की भांति वार्षिक करार में भी शामिल किया जाएगा।"
इस बीच, राय फाउंडेशन के अध्यक्ष विनय राय ने महिला खिलाड़ियों के लिए 10 लाख रुपये दिए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।