टोगो की फ़ुटब़ॉल टीम पर हमला
अंगोला में टोगो की राष्ट्रीय फ़ुटबॉल टीम को ले जा रही बस पर कुछ बंदूकधारियों ने मशीनगन से गोलियाँ बरसाई हैं. इसमें कई खिलाड़ी बुरी तरह घायल हुए हैं. इन खिलाड़ियों को अफ़्रीका कप के मैचों के लिए ले जाया जा रहा था.
अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी की घटना अंगोला के तेल भंडार वाले इलाक़े कैबिंडा में हुई है जहाँ विद्रोही आज़ादी की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं. अंगोला सरकार ने इसे 'आतंकवादी घटना' क़रार दिया है.
मैनचेस्टर सिटी के लिए खेलने वाले इमैन्युअल एडेबैयॉर भी इस बस में सवार थे लेकिन वे सकुशल हैं. मैनचेस्टर सिटी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि एडेबैयॉर इस 'घटना से भयभीत हैं' लेकिन उन्हें कोई चोट नहीं आई है.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार कैबिंडा मामलों के मंत्री बेंटो बेंबे ने कहा है, "यह एक आतंकवादी घटना है." लेकिन 'अफ़्रीका कप ऑफ़ नेशन्स' के अधिकारियों ने हमलावरों को हथियारबंद डकैत कहा है. टोगो के स्ट्राइकर थॉमस डोसेवी ने फ़्रांस के आरएमसी रेडियो को बताया कि कई खिलाड़ी 'बुरी तरह से घायल' हैं.
उन्होंने कहा, "मैं नहीं जानता कि हम पर गोलियाँ क्यों बरसाई गईं. हम गोलियों से बचने के लिए 20 मिनटों तक बस की सीटों के नीचे छिपे रहे." टीम के डॉक्टर सहित जो लोग घायल हुए हैं, उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है. टोगो को अपने ग्रुप में घाना, बुर्कीनो फ़ासो और आइवरी कोस्ट के ख़िलाफ़ मैच खेलना था. उनका पहला मैच घाना के ख़िलाफ़ था.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
