तेंदुलकर का 46वां शतक, भारत मजबूत (लीड-4)
मात्र 37 गेंदों की मदद से अर्धशतक पूरा करने वाले तेंदुलकर ने 90 गेंदों पर 13 चौकों की मदद से शतक पूरा किया। खबर लिखे जाने तक भारतीय टीम ने 28 ओवर की समाप्ति तक एक विकेट के नुकसान पर 176 रन बना लिए थे।
तेंदुलकर 100 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि दिनेश कार्तिक ने 67 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 61 रन बनाए थे। दोनों बल्लेबाज दूसरे विकेट के लिए नाबाद 151 रनों की साझेदारी कर चुके हैं।
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 रन के कुल योग पर ही अपने सलामी बल्लेबाज वीरेंद सहवाग का विकेट गंवा दिया था लेकिन उसके बाद तेंदुलकर और कार्तिक ने कोई और नुकसान नहीं होने दिया। सहवाग को वायने पार्नेल ने डेल स्टेन के हाथों कैच कराया। सहवाग ने 11 गेंदों का सामना करते हुए नौ रन बनाए।
इस मैच में जहीर खान, युवराज सिंह और गौतम गंभीर चोटिल होने के कारण टीम को अपनी सेवाएं नहीं दे पा रहे हैं जबकि ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने अपनी बहन के विवाह के कारण दो मैचों में नहीं खेलने का फैसला किया है। भज्जी पहले मुकाबले में भी नहीं खेले थे। वह अहमदाबाद में खेले जाने वाले तीसरे मुकाबले के लिए टीम में वापसी करेंगे। भारतीय टीम उन्हीं खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतर रही है, जो पहले मुकाबले में खेले थे।
दूसरी ओर, नियमित कप्तान ग्रीम स्मिथ की गैरमौजूदगी में हरफनमौला खिलाड़ी जैक्स कैलिस इस मैच के लिए मेहमान टीम की कमान संभाल रहे हैं। स्मिथ चोटिल हैं। तीन मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम 1-0 से आगे चल रही है। उसने रविवार को जयपुर में खेला गया पहला मुकाबला एक रन के अंतर से जीता था। तीसरा मैच 27 फरवरी को अहमदाबाद के करीब मोटेरा में स्थित सरदार पटेल स्टेडियम में होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications