भारत की पहली पारी में युवराज बल्लेबाजी के लिए मैदान में नहीं उतरे थे। उनकी कलाई में चोट है।
भारतीय क्रिकेट टीम के कोच गैरी कस्र्टन ने वेबसाइट क्रिकइंफो डॉट कॉम से बातचीत में कहा कि युवराज अब इस मैच का हिस्सा नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा, "उनकी कलाई में चोट है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जाने वाले पहले टेस्ट के लिए भी उन्हें संघर्ष करना पड़ सकता है। वह कुछ दिनों तक अब क्रिकेट से दूर रहेंगे।"
द्रविड़ को सोमवार को बल्लेबाजी के दौरान बांग्लादेश के तेज गेंदबाज शहादत हुसैन की गेंद पर गंभीर चोट लग गई थी। उनका जबड़ा टूट गया था। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें आज अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
कस्र्टन ने कहा, "द्रविड़ को चेहरे पर तगड़ी चोट लगी है। अभी वह बांग्लादेश में ही रहेंगे। बाद में किसी विशेषज्ञ से सलाह लेंगे। इसके बाद ही यह बताया जा सकता है कि वह कितने दिनों तक क्रिकेट से दूर रहेंगे।"
उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम के वी. वी. एस. लक्ष्मण और एस. श्रीसंत पहले से ही चोटिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।