भारतीय टीम ने पूरे किए 150 रन (लीड-10)
भारत ने अब तक सलामी बल्लेबाज दिनेश कार्तिक का विकेट गंवाया है। कार्तिक 48 रन बनाकर थिलन तुषारा की गेंद पर कुमार संगकारा के हाथों लपके गए। वीरेंद्र सहवाग के स्थान पर टीम में शामिल किए गए कार्तिक ने 40 गेंदों की तेज पारी के दौरान नौ चौके लगाए और पहले विकेट के लिए गौतम गंभीर के साथ 89 रन जोड़े।
खबर लिखे जाने तक भारतीय टीम ने 27 ओवरों की समाप्ति तक एक विकेट खोकर 154 रन बना लिए थे। सलामी बल्लेबाज गंभीर 81 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 66 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि विराट कोहली ने 44 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 31 रन बनाए थे।
इससे पहले, भारतीय क्रिकेट टीम ने तेज गेंदबाज जहीर खान और स्पिन गेंदबाज अमित मिश्रा की सधी हुई गेंदबाजी की बदौलत श्रीलंकाई टीम को 213 रनों के मामूली योग पर समेट दिया।
जहीर ने 38 रन देकर तीन विकेट झटके जबकि मिश्रा ने 40 रन खर्च करते हुए इतनी ही सफलता हासिल की। इसके अलावा भारत की ओर से युवा तेज गेंदबाज सुदीप त्यागी, शांताकुमारन श्रीसंत और युवराज सिंह को एक-एक विकेट मिला। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम की ओर से कप्तान संगकारा ने सर्वाधिक 68 रनों का योगदान दिया जबकि सूरज रांडीव ने 56 रन बनाए। रांडीव ने अपना पहला अर्धशतक लगाया।
संगकारा ने 78 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौके लगाए जबकि रांडीव ने 76 गेंदों पर पांच चौके लगाए। रांडीव ने 28 रन बनाने वाले थिलन तुषारा के साथ आठवें विकेट के लिए 59 रन जोड़े। इससे पहले उन्होंने कप्तान के साथ सातवें विकेट के लिए 59 रन जोड़े थे।
इसके अलावा चोट के बाद टीम में वापसी करने वाले विस्फोटक सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान ने 33 रन बनाकर अपनी टीम को मजबूती देने का प्रयास किया। दिलशान ने कप्तान संगकारा के साथ दूसरे विकेट के लिए तूफानी अंदाज में 42 रन जोड़े थे।
बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद शतक लगाने वाले उपुल थरंगा (0) और उसी मैच में थरंगा के साथ 200 रनों की साझेदारी करने वाले पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने (5) ने निराश किया।
भारत के खिलाफ पिछले मुकाबले में शतक लगाकर अपनी टीम की जीत पक्की करने वाले थिलन समरवीरा (0) से श्रीलंका को अच्छी पारी की उम्मीद थी लेकिन उन्होंने भी निराश किया। थिलिना कन्डम्बी (1) और थिसिरा परेरा (11) भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
श्रीलंकाई टीम लगातार तीन जीत के साथ पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है। भारत ने अब तक एक जीत हासिल की है जबकि उसे एक बार हार का भी सामना करना पड़ा है। श्रीलंका ने बांग्लादेश को दो मौकों पर हराया है जबकि एक बार उसने भारत को भी हराया है। भारतीय टीम को बांग्लादेश के खिलाफ जीत मिली है।
फाइनल में जगह बनाने के लिए भारतीय टीम के लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी है। उसका अगला लीग मुकाबला 11 जनवरी को बांग्लादेश के साथ होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications