Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

भारत ने 226 रनों की बढ़त के साथ 'शिकंजा' कसा (राउंडअप)

दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने पांच विकेट पर 459 रन बनाए थे। नाइटवॉचमैन हरभजन सिंह (13) का विकेट गिरने के साथ दिन का खेल खत्म कर दिया गया। भारत ने कुल 102.5 ओवर की बल्लेबाजी की। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी 38 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 22 रन बनाकर नाबाद लौटे। पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने बिना कोई विकेट खोए 13 ओवरों में 69 रन बनाए थे।

भारतीय टीम ने हरभजन के अलावा गंभीर (68), सहवाग (56), तेंदुलकर (143) और मुरली विजय (30) के विकेट गंवाए। द्रविड़ 111 रन पर रिटायर्ड हर्ट हुए। शहादत हुसैन की एक ऊंची उठती गेंद द्रविड़ के कान पर लगी। वह मैदान में गिर गए थे। भारतीय टीम के फिजियो ने जांच के बाद उन्हें मैदान से बाहर ले जाने का फैसला किया। वह फिर बल्लेबाजी के लिए आ सकते हैं। द्रविड़ और सचिन के बीच तीसरे विकेट के लिए 222 रनों की साझेदारी हुई थी।

गंभीर ने 83 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौके लगाए जबकि सहवाग ने 63 गेंदों पर आठ चौके जड़े। सहवाग ने अपने करियर का 21वां अर्धशतक लगाया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 103 रनों की साझेदारी हुई। दोनों बल्लेबाजों ने सातवीं बार शतकीय साझेदारी निभाई। निराशाजनक रूप से रिटायर्ड हर्ट होने वाले द्रविड़ ने 188 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके लगाए जबकि तेंदुलकर ने 182 गेंदों पर 13 चौके और एक छक्का लगाया। तेंदुलकर ने 134 और द्रविड़ ने 178 गेंदों पर शतक पूरा किया।

इसमें कोई शक नहीं कि दूसरे दिन का खेल पूरी तरह तेंदुलकर, द्रविड़ और गंभीर के नाम रहा। इन बल्लेबाजों ने अपनी-अपनी उपलब्धियों के कारण इस मैच को यादगार बना दिया। तेंदुलकर ने अपने टेस्ट करियर का 45वां शतक पूरा किया, वहीं द्रविड़ ने 29वां शतक लगाकर क्रिकेट इतिहास के महानतम बल्लेबाज माने जाने वाले आस्ट्रेलिया के सर डोनाल्ड ब्रैडमैन की बराबरी की। गंभीर हालांकि 32 रन के अंतर से ब्रैडमैन के लगातार छह टेस्ट शतक के रिकार्ड से चूक गए लेकिन उन्होंने वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान विवियन रिचर्ड्स के लगातार 11 अर्धशतकों के विश्व रिकार्ड की बराबरी कर ली।

टेस्ट तथा एकदिवसीय मैचों में सर्वाधिक रनों और शतकों का रिकार्ड अपने नाम कर चुके तेंदुलकर ने 45वां शतक लगाकर अपने रिकार्ड को और पुख्ता किया। शतकों के मामले में आस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिग ही उनके सबसे करीब हैं। पोंटिंग के नाम 39 शतक हैं लेकिन तेंदुलकर जिस रफ्तार से शतक पर शतक लगाते जा रहे हैं, उससे यही लगता है कि वह इस वर्ष के अंत तक अंतर्राष्ट्रीय मैचों में शतकों का शतक पूरा कर लेंगे।

तेंदुलकर के नाम अभी 90 शतक दर्ज हैं। एकदिवसीय मैचों में भी उन्होंने 45 शतक लगाए हैं। सर्वाधिक रनों के मामले में तेंदुलकर अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी पोंटिंग से काफी फासला कायम कर चुके हैं। तेंदुलकर के नाम 13234 रन दर्ज हैं जबकि पोंटिग ने अब तक 11859 रन बनाए हैं।

वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में 11953 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। लारा संन्यास ले चुके हैं और यही कारण है कि इस दौड़ में तेंदुलकर के अलावा सिर्फ पोंटिंग और काफी हद तक द्रविड़ रह गए हैं, जिनके नाम 11395 रन दर्ज हैं।

जहां तक द्रविड़ की बात है तो एकदिवसीय टीम से 'जबरन' निकाले जाने के बाद उन्होंने टेस्ट मैचों पर अपना ध्यान केंद्रित किया है। तब से लेकर आज तक उनकी बल्लेबाजी काफी निखर गई है। खराब बल्लेबाजी के कारण कप्तानी छोड़ने वाले द्रविड़ ने सोमवार को अपना 29वां टेस्ट शतक पूरा किया और ब्रैडमैन की बराबरी पर खड़े हो गए।

अब द्रविड़ की निगाह टेस्ट मैचों से संन्यास ले चुके आस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन (30), आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ (32), दक्षिण अफ्रीकी हरफनमौला खिलाड़ी जैक्स कैलिस (33), लारा और भारत के महानतम सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर (34) तथा पोंटिंग (39) के रिकार्ड पर है। तेंदुलकर और गावस्कर के बाद टेस्ट मैचों में सर्वाधिक शतक लगाने वाले वह तीसरे बल्लेबाज हैं जबकि रनों की दौड़ में वह भारत के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज हैं।

अपने करियर के सबसे अच्छे समय से गुजर रहे गंभीर ने इस सत्र में सभी रिकार्ड अपने नाम किए हैं। उन्होंने सबसे अधिक शतक लगाने के अलावा सबसे अधिक रन बनाने वाला बल्लेबाज होने का गौरव हासिल किया है। इसी का नतीजा है कि वह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की टेस्ट बल्लेबाजों की सूची में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं।

गंभीर ने सोमवार को 68 रन बनाने के साथ टेस्ट मैचों में लगातार 11 अर्धशतक लगाने के रिचर्ड्स के विश्व रिकार्ड की बराबरी कर ली । गंभीर ने 17 अक्टूबर, 2008 से 25 जनवरी, 2010 के बीच 11 टेस्ट मैचों में 67, 104, 206, 36, 19, 66, 179, 97, 72, 30 नाबाद, 16, 137, 23, 167, 1, 114, 23, 116 और 68 रनों की पारियां खेली हैं।

दूसरी ओर, रिचर्ड्स ने 23 जनवरी, 1976 से 18 फरवरी, 1977 के बीच 11 मैचों में 30, 101, 50, 98, 142, 130, 20, 177, 23, 64, 232, 63, 4, 135, 66, 38, 291, 32 और 92 रनों की पारियां खेली थीं। इस फेहरिस्त में वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ईडी वीक्स, इंग्लैंड के एलेक स्टीवर्ट, हेडन, कैलिस और तेंदुलकर नौ-नौ अर्धशतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

इससे पहले, बांग्लादेश की पहली पारी 233 रनों पर सिमट गई थी। बांग्लादेश की ओर से महमुदुल्लाह ने नाबाद 96 रन बनाए थे। भारत की ओर से ईशांत शर्मा ने चार और जहीर खान ने तीन विकेट चटकाए। प्रज्ञान ओझा को भी दो सफलता मिली। भारत दो मैचों की इस श्रृंखला में 1-0 से आगे है। चटगांव में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारत ने बांग्लादेश को 113 रनोंे से हरा दिया था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:30 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+