वाशिंगटन, 19 फरवरी (आईएएनएस)। कई महिलाओं के साथ संबंधों की बात उजागर होने के बाद स्टार गोल्फ खिलाड़ी टाइगर वुड्स का कॅरियर और विवाहित जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सेक्स स्कैंडल में फंसने के एक महीने बाद वुड्स ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए अपनी पत्नी से बेवफाई के लिए सार्वजनिक माफी मांगी है।
विवादों में आने के बाद से पहली बार सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए वुड्स ने फ्लोरिडा में अमेरिका पीजीए टूर के मुख्यालय में कहा, "मैं अपने स्वार्थी व्यवहार के लिए माफी मांगता हूं। मेरे कई महिलाओं से संबंध थे जिससे मैं अविश्वसनीय बन गया, मैंने धोखेबाजी की। मैंने जो भी किया वह स्वीकार्य नहीं था और इसके लिए केवल मैं ही जिम्मेदार हूं।"
आंसुओं को रोकने की कोशिश करते हुए वुड्स ने कहा, "इन संबंधों की वजह से जो शर्मिदगी हुई है उसका जिम्मेदार मैं हूं।"
वुड्स ने कहा, "एलिन (उनकी पत्नी) और मैंने इस समस्या को हल करने के लिए काम शुरू कर दिया है।" इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अपनी पत्नी से शब्दों में खेद व्यक्त करने के बजाय वह इसे व्यवहार में लाकर दिखाएंगे।
उन्होंने इस खबर से इंकार किया कि वह ड्रग लेते हैं। उन्होंने अपनी पत्नी का बचाव करते हुए मीडिया में आई उन खबरों का खंडन किया कि दोनों के बीच शारीरिक हिंसा होती थी।
उल्लेखनीय है कि विवादों में आने के बाद से वुड्स कभी भी सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।