नई दिल्ली, 12 जनवरी (आईएएनएस)। खेल मंत्री एम. एस. गिल ने मंगलवार को हॉकी खिलाड़ियों से विश्व कप तैयारी शिविर में लौटने का आग्रह किया है। साथ ही उन्होंने यह वादा भी किया कि विश्व कप के बाद निर्वाचित हॉकी इंडिया के समक्ष वह उनकी बातों को उठाएंगे।
गिल ने एक बयान जारी कर कहा, "मैं खिलाड़ियों से आग्रह करता हूं कि वे तत्काल तैयारी शिविर में लौटे और विश्व कप जीतने पर अपना ध्यान केंद्रित करें।"
हॉकी इंडिया और खिलाड़ियों के बीच बकाया भुगतान को लेकर चल रहे गतिरोध पर चिंता जताते हुए गिल ने कहा कि भारतीय खेल प्राधिकरण इन सभी मसलों पर नजदीक से गौर कर रहा है।
उन्होंने कहा, "मीडिया में आ रही खबरों से मुझे खिलाड़ियों की शिकायतों के बारे में पता चला है। बकाया भुगतान को लेकर हॉकी इंडिया और खिलाड़ियों के बीच चल रहे गतिरोध से मैं चिंतित हूं।"
उन्होंने कहा, "हॉकी इंडिया की चुनाव प्रक्रिया मंत्रालय के पर्यवेक्षकों और अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के दिशा निर्देशों के तहत जारी है और इसे सात फरवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। विश्व कप के बाद खेल मंत्रालय खिलाड़ियों के हितों से संबंधित मुद्दों को हॉकी इंडिया के समक्ष उठाएगा और कोई संतोषजनक हल निकालेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*