खराब रोशनी के कारण तीसरे दिन का खेल समय से पहले खत्म (लीड-7)
दिन का खेल खत्म करने की घोषणा होने तक मेहमान टीम ने अपनी दूसरी पारी में बिना कोई विकेट खोए छह रन बनाए थे। तीसरे दिन 10 ओवर पहले ही खेल समाप्ति की घोषणा कर दी गई। दूसरे दिन का खेल भी निर्धारित समय से आठ ओवर पहले समाप्त कर दिया गया था।
भारतीय टीम ने तीसरे दिन के तीसरे सत्र में छह विकेट के नुकसान पर 643 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी थी। भारत को कुल 347 रनों की बढ़त मिली। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 296 रन बनाए थे। इस लिहाज से मेहमान टीम अभी भी 341 रन पीछे चल रही है।
इससे पहले, अपना चौथा शतक लगाने वाले कप्तान महेंद्र सिंह धौनी 187 गेंदों पर 12 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 132 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि 15वां शतक लगाने वाले कलात्मक बल्लेबाज वी.वी.एस. लक्ष्मण ने 260 गेंदों पर 16 चौकों की सहायता से नाबाद 143 रन बनाए।
दोनों ने छठे विकेट के लिए 249 रनों की अटूट साझेदारी निभाई। दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर भारतीय टीम ने पांच विकेट के नुकसान पर 342 रन बनाए थे। तीसरे दिन लक्ष्मण और नाइटवाचमैन अमित मिश्रा ने पारी को संभलकर आगे बढ़ाया।
छठे विकेट के लिए इन दोनों ने 48 रनों की साझेदारी की। तीसरे दिन एकमात्र भारतीय विकेट के रूप में मिश्रा 28 रन बनाकर पेवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी 38 गेंदों की तेज पारी के दौरान पांच चौके लगाए।
खेल का दूसरा दिन सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग के नाम रहा था। सहवाग ने अपने टेस्ट करियर का 19वां और तेंदुलकर ने अपने करियर का 47वां शतक लगाया था। सहवाग 165 और सचिन तेंदुलकर 106 रन बनाकर आउट हुए थे।
इससे पहले, भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी को 296 रनों के स्कोर पर समेट दिया था। भारत की ओर से जहीर खान सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार विकेट झटके। लंबे समय बाद लय में लौटे हरभजन सिंह ने भी तीन विकेट चटकाए।
दो मैचों की श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका 1-0 से आगे है। नागपुर में खेले गए पहले मैच में उसने भारत को एक पारी और छह रनों से पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications