पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व उपकप्तान कामरान अकमल ने कराची के नेशनल स्टेडियम में कहा कि इस तरह की खबरें फैलाकर कुछ लोग पाकिस्तान क्रिकेट को अस्थिर करना चाहते हैं।
अकमल ने कहा, "इन गलत खबरों से मैं चिंतित नहीं हूं और मैं अपना पूरा ध्यान खेल पर लगा रहा हूं। मैं अपने देश के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहता हूं।"
अकमल ने यह स्पष्ट किया कि वह उन मीडिया संगठनों पर मुकदमा करने का विचार कर रहे हैं जिन्होंने मैच फिक्सिंग में शामिल होने का अरोप लगाया था।
अकमल ने कहा, "यह एक बड़ा आरोप है और मैं अपने वकील के साथ सलाह मशविरे के बाद ही अपनी प्रतिक्रिया के बारे में फैसला लूंगा।"
पाकिस्तान के एक प्रमुख समाचार पत्र ने तीन दिन पहले खबर दी थी कि अकमल मैच फिक्सिंग में शामिल हो सकते हैं। इस संबंध में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की एक समिति जांच कर रही है।
समाचार पत्र 'द न्यूज' के मुताबिक अकमल को दुबई में इंग्लैंड के साथ खेली गई दो मैचों की ट्वेंटी-20 श्रृंखला से सिर्फ इसलिए दूर रखा गया क्योंकि वह मैच फिक्सिंग के आरोपों के घेरे में हैं।
अकमल पर पिछले महीने आस्ट्रेलिया के साथ सिडनी में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान जानबूझकर कैच टपकाने का आरोप है। कैच टपकाने के कारण अकमल को होबार्ट में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था।
वह एकदिवसीय श्रृंखला के लिए टीम में जगह पाने में सफल रहे थे। आस्ट्रेलिया के खिलाफ ट्वेंटी-20 मुकाबले में 33 गेंदों पर 64 रन बनाने के बावजूद उन्हें दुबई श्रृंखला के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था। सूत्र ने कहा, "अकमल आरोप के घेरे में हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।