इस टूर्नामेंट में भारत के सर्वाधिक पांच खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस टूर्नामेंट के इस संस्करण में हिस्सा लेने वाले किसी एक देश के खिलाड़ियों की यह सर्वाधिक संख्या है। कोरस ग्रैंडमास्टर्स को विश्व का सबसे पुराना और कठिन पारंपरिक शतरंज टूर्नामेंट माना जाता है।
पांच बार इस खिताब पर कब्जा करने वाले आनंद ने पारंपरिक दे मोरियान कम्युनिटी सेंटर में खेले गए ग्रुप-ए के अपने पहले मुकाबले में सर्गेई कारजाकिन के साथ ड्रॉ खेला। ग्रुप-ए को सुपर कटेगरी भी कहा जा रहा है। दोनों खिलाड़ियों ने 40 चाल के बाद अंक बांटने का फैसला किया।
दिल्ली के खिलाड़ी परिमार्जन नेगी ने अपने पहले दौर के मुकाबले में जहां ब्रिटेन के ग्रैंडमास्टर जेविड हॉवेल को बराबरी पर रोका वहीं हरिकृष्णा हॉलैंड के अनीश गिरी के खिलाफ हार गए।
ग्रुप-सी में अभिजीत गुप्ता को भी बराबरी से संतोष करना पड़ा जबकि सौम्य स्वामीनाथन को हार मिली। सोम्या को शनिवार को ही हार मिली थी। गुप्ता ने नीदरलैंड के खिलाड़ी आर. स्विंकल्स को बराबरी पर रोका जबकि सोम्य को अमेरिका के खिलाड़ी रॉबसन रे ने पराजित किया।
आनंद इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय दल की अगुआई कर रहे हैं। मेजबान हॉलैंड के अलावा किसी भी देश के तीन से अधिक खिलाड़ी सभी तीन वर्गो में हिस्सा नहीं ले रहे हैं जबकि भारत इन सबसे आगे निकलकर पांच खिलाड़ियों के साथ अपनी किस्मत आजमा रहा है।
आनंद जहां 'ए' वर्ग में हिस्सा ले रहे हैं वहीं हरिकृष्णा और नेगी 'बी' वर्ग में तथा गुप्ता और सौम्य 'सी' वर्ग में शिरकत कर रहे हैं। आनंद इस टूर्नामेंट के दूसरे सर्वोच्च खिलाड़ी हैं। उनके रेटिंग अंक 2700 हैं जबकि मैग्नस कार्टन 2810 अंकों के साथ सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं। हरि 'बी' वर्ग में और गुप्ता 'सी' वर्ग में दूसरे वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।