पिता केन्या की टीम से खेले, बेटा कनाडा की हॉकी टीम में
नई दिल्ली, 3 मार्च (आईएएनएस)। दो हॉकी खिलाड़ियों की यह अजब कहानी है जिसमें बेटा कनाडा की तरफ से खेल रहा है जबकि उसके भारतीय पिता केन्या की तरफ खेल चुके हैं।
राजधानी में चल रहे विश्व कप हॉकी प्रतियोगिता में कनाडा के फॉरवर्ड खिलाड़ी रंजीव देओल के स्वर्गीय पिता सुरजीत सिंह देओल केन्या की तरफ से तीन ओलंपिक प्रतियोगिताओं में हॉकी खेल चुके हैं।
सुरजीत पंजाब के लुधियाना से केन्या चल गए थे और वर्ष 1956, 1960 और 1964 ओलंपिक में केन्याई हॉकी टीम के सदस्य रहे।
सुरजीत की मृत्यु के समय रंजीव पांच साल के थे। उनकी मृत्यु के बाद रंजीव और उनकी मां को काफी बुरा वक्त देखना पड़ा और अच्छी जिंदगी की तलाश में दोनों 1993 में कनाडा के ओंटारियो आ गए।
सुरजीत की विरासत ने ही रंजीव के भविष्य को तय किया। सबसे पहले रंजीव टोरंटो लायंस क्लब के साथ जुड़े और यहीं से 2008 की बीजिंग ओलंपिक तक का रास्ता तय किया।
मेजर ध्यान चंद नेशनल स्टेडियम में बुधवार को रंजीव ने कहा, "हॉकी मेरे खून में है। भारत में विश्व कप खेलने में बहुत अच्छा महसूस हो रहा है क्योंकि यहां मेरी जड़ें मौजूद हैं। मेरे पिता अगर जिंदा होते तो उन्हें मुझ पर गर्व होता।"
उन्होंने कहा, "मेरी जिंदगी में मेरी मां की भूमिका बेहद अहम रही है। जब मेरे पिता की मृत्यु हुई तो मैं बहुत छोटा था। मेरे पालन-पोषण में मां को बहुत संघर्ष करना पड़ा। निश्चित रूप से मां मेरे लिए आदर्श हैं लेकिन मैदान पर मेरे पिता मेरे लिए आदर्श हैं। उनके सपनों को पूरा करके मैं खुशी महसूस कर रहा हूं।"
जब उनसे पूछा गया क्या वह लुधियाना के अपने गांव जाएंगे तो उन्होंने कहा, "भारत में मेरे कई दोस्त हैं और मैं कई भारतीय खिलाड़ियों के भी काफी नजदीक हूं। इस दौरे पर मैं निश्चित रूप से लुधियाना जाने का प्रयास करूंगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications