हॉकी विश्व कप के लिए भारत पहुंची पाकिस्तान और आस्ट्रेलियाई टीमें (लीड-1)
आस्ट्रेलियाई टीम सोमवार तड़के नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी जबकि पाकिस्तानी टीम ने सोमवार को ही वाघा बार्डर के जरिए भारत में प्रवेश किया।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के प्रवक्ता जागीर सिंह ने आईएएनएस को बताया, "पाकिस्तानी टीम ने वाघा बार्डर सोमवार दोपहर एक बजे पार किया।"
न्यूजीलैंड की टीम सोमवार रात को पर्थ से नई दिल्ली के लिए रवाना होगी। इस टीम के एक खिलाड़ी साइमन चाइल्ड ने विश्व कप से अपना नाम वापस ले लिया है। चाइल्ड ने कहा है कि भारी सुरक्षा के बीच भारत में खेलने का फैसला उचित नहीं होगा।
चाइल्ड ने कहा, "भारी सुरक्षा के बीच कम से कम मैं अपना स्वाभाविक खेल नहीं दिखा सकता। यह अपने देश के लिए खेलने का मौका है और अगर मैं सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सका तो मेरा वहां जाने का कोई मतलब नहीं बनता। यही कारण है कि मैंने विश्व कप में नहीं खेलने का फैसला किया है।"
अल कायदा से जुड़े एक पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन द्वारा भारत में होने वाले खेल आयोजनों में हिस्सा लेने वाली टीमों पर हमले की धमकी दिए जाने के बाद से हॉकी न्यूजीलैंड और हॉकी आस्ट्रेलिया ने एहतियात के तौर पर अपनी टीम की भारत रवानगी रोक दी थी। पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक दोनों टीमों को रविवार को ही भारत रवाना होना था।
कीवी हॉकी संघ ने कहा है कि उसकी टीम पर्थ से ही नई दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। संघ ने अपने देश की सरकार और भारत में मौजूद स्वतंत्र सुरक्षा एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के आधार पर अपनी टीम को भारत जाने के संबंध में हरी झंडी दी।
हॉकी न्यूजीलैंड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी हिलेरी पूल ने कहा, "हमें भारत में सुरक्षा के संबंध में सकारात्मक रिपोर्ट मिली है। इसके बाद हमने अपनी टीम को नई दिल्ली भेजने का फैसला किया। हमारे एक खिलाड़ी साइमन चाइल्ड ने व्यक्तिगत आधार पर विश्व कप में नहीं खेलने का फैसला किया है।"
इस बीच, कनाडा की टीम के तीन सहयोगी सदस्य सोमवार को भारत पहुंच गए। टीम के कोच एलन ब्राहमस्ट ने आईएएनएस को बताया कि खिलाड़ी मंगलवार को यहां पहुंचेंगे। विश्व कप में भारत और पाकिस्तान सहित कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत में विश्व कप का आयोजन 1982 के बाद पहली बार हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications