भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच ग्वालियर में दूसरा वनडे मैच खेला जा रहा है.
भारत टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी कर रहा है. पारी की शुरुआत सचिन और सहवाग ने की पर सहवाग चौथे ओवर में केवल नौ रन बनाकर आउट हो गए हैं. वे परनेल की गेंद का शिकार हुए.
पीठ में दर्द से परेशान वीरेंद्र सहवाग के इस मैच में खेलने पर पहले आशंका जताई जा रही थी.
मैदान पर सचिन का साथ कार्तिक दे रहे हैं.
दक्षिण अफ़्रीकी टीम में हाशिम अमला को शामिल किया गया है. टेस्ट सिरीज़ में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है. वे गिब्स के साथ मिलकर पारी की शुरुआत करेंगे. ऑल राउंडर मॉर्कल की जगह जेपी डूमिनी को लिया गया है.
ग्वालियर में करीब ढाई सालों बाद कोई वनडे मैच हो रहा है और इसे लेकर लोगों में ख़ासा उत्साह है.
भारत ने कोलकाता में खेले गए पहले वनडे मैच में एक रन से जीत हासिल की थी.