जोहांसबर्ग टेस्ट : दक्षिण अफ्रीका ने गेंदबाजों की बदौलत श्रंखला ड्रॉ कराई (लीड-1)
रविवार को मैच के चौथे दिन तेज गेंदबाज मोर्न मोर्कल (59/4), डेल स्टेन (64/2), जीन पॉल डुमिनी (10/2) और वायने पार्नेल (17/2) ने इंग्लैंड की दूसरी पारी 169 रनों पर समेट कर अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई।
इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में पॉल कोलिंगवुड ने सर्वाधिक 71 रन बनाए। उसके पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाए। मेहमान टीम 42.5 ओवरों में पेवेलियन लौट गई।
मेहमान टीम ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट के नुकसान पर 48 रन बनाए थे। तीसरे दिन उसने एलिस्टर कुक (1), कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस (22) और जोनाथन ट्रॉट (8) के विकेट गंवाए थे। कोलिंगवुड शून्य और केविन पीटरसन नौ रन बनाकर नाबाद लौटे थे।
चौथे दिन इंग्लैंड ने पीटरसन (12) का विकेट सस्ते में गंवा दिया लेकिन कोलिंगवुड ने एक छोर संभाले रखा। इंग्लैंड के इस सबसे अनुभवी बल्लेबाज को दूसरे छोर पर किसी का साथ नहीं मिला। इयान बेल (5), मैट प्रायर (0) और स्टुअर्ट ब्रॉड (1) रन बनाकर आउट हुए।
ग्रीम स्वान (20) और रेयान साइडबॉटम (15) ने अंतिम पड़ाव पर कुछ आकर्षक शॉट लगाए लेकिन उनके इस प्रयास के बावजूद इंग्लैंड की टीम पारी की हार बचाने की स्थिति में नहीं पहुंची। कोलिंगवुड नौवें विकेट के रूप में 88 गेंदों पर 12 चौकों और एक छक्के की मदद से 71 रन बनाकर पेवेलियन लौटे।
इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में कोलिंगवुड के 47 तथा बेल के 35 रनों की बदौलत 180 रन बनाए थे जबकि मेजबान टीम ने कप्तान ग्रीम स्मिथ (105), मार्क बाउचर (95), हाशिम अमला (75) और अब्राहम डिविलियर्स (58) की शानदार पारियों की बदौलत अपनी पहली पारी सात विकेट पर 423 रन पर घोषित कर दी थी।
पहली पारी में स्टेन ने पांच विकेट झटके थे जबकि मोर्कल को तीन सफलता मिली थी। दोनों गेंदबाजों को सम्मिलित रूप से 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। दक्षिण अफ्रीकी विकेटकीपर बाउचर और इंग्लैंड के गेंदबाज स्वान को 'मैन ऑफ द सीरीज' खिताब से नवाजा गया।
इस जीत के साथ मेजबान टीम चार मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर करने में सफल रही। पहला और तीसरा टेस्ट मैच बराबरी पर छूटा था जबकि इंग्लैंड ने दूसरा टेस्ट मैच एक पारी और 98 रन से जीता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications