टेस्ट में एक अच्छे हरफनमौला खिलाड़ी की जरूरत : यूसुफ
उमर खालिद
सिडनी, 4 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान मोहम्मद यूसुफ का कहना है कि उनकी टीम को एक अच्छे हरफनमौला क्रिकेटर की दरकार है।
यूसुफ का मानना है कि जब एकदिवसीय और ट्वेंटी-20 क्रिकेट की बात आती है तो पाकिस्तान के पास कई प्रतिभावान हरफनमौला क्रिकेटर हैं, लेकिन टेस्ट में ये मुश्किल से मिलते हैं।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शोएब मलिक भी अच्छे हरफनमौला क्रिकेटर हैं लेकिन वह ज्यादा गेंदबाजी नहीं करते जिसकी टेस्ट मैचों में जरूरत होती है। अब्दुल रज्जाक टेस्ट मैचों से लगभग संन्यास ही ले चुके हैं।
आस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान पाकिस्तान चार गेंदबाजों के साथ खेला था। इस पर क्रिकेट कुछ जानकारों ने आलोचना की थी। उनका कहना था कि पाकिस्तान को पांच गेंदबाजों के साथ खेलना चाहिए था।
पाकिस्तानी समाचार पत्र 'द न्यूज' के साथ बातचीत में यूसुफ ने कहा, "हम कैसे पांच गेंदबाजों के साथ खेल सकते थे। ऐसा करने पर एक बल्लेबाज को बाहर करना पड़ता। यह हमारी बल्लेबाजी को और कमजोर बनाता। इस समय हमें एक हरफनमौला की जरूरत है जो हमारा पांचवां गेंदबाज हो सकता है।"
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान यूनुस खान को अब तक आस्ट्रेलिया न भेजे जाने पर यूसुफ ने कहा, "मैं इस बारे में कुछ नहीं कह सकता। मुझे इस बारे में आग्रह किए हुए कई दिन बीत गए। यह बोर्ड और चयनकर्ताओं पर है कि वे इस बारे में कुछ फैसला करें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications