अपने पहले पूल मुकाबले में हालांकि उसे इंग्लैंड के हाथों हार मिली थी लेकिन उसके बाद आस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी छवि के अनुरूप खेल दिखाते हुए लगातार जीत हासिल की है।
इस विश्व कप में किसी भी टीम की यह सबसे बड़ी जीत है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी यह आस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी जीत है। उसने बीजिंग ओलंपिक में दक्षिण अफ्रीका को 10-0 से हराया था।
आस्ट्रेलिया के लिए ल्यूक डोरनर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच गोल किए। उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। डोरनर ने 16वें, 34वें, 49वें, 66वें और 68वें मिनट में गोल दागे। वह छह गोल के साथ इस विश्व कप में सर्वाधिक गोल दागने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
डोरनर के अलावा आस्ट्रेलिया के लिए ग्लेन टर्नर ने 20वें और 62वें, डेसमंड एबॉट ने 26वें, फर्गस कवानाग ने 35वें, मैथ्यू बुटुरीनी ने 44वें और जैमी ड्वाएर ने 52वें और 54वें मिनट में गोल दागे। मध्यांतर तक आस्ट्रेलियाई टीम 5-0 से आगे थी।
दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीकी टीम को लगातार तीसरी बार हार का सामना करना पड़ा। उसे पहले मैच में इंग्लैंड और दूसरे मैच में स्पेन के हाथों हार मिली थी। इस जीत ने जहां आस्ट्रेलिया को तालिका में सबसे ऊपर पहुंचा दिया है वहीं दक्षिण अफ्रीकी टीम की चुनौती समाप्त हो चुकी है।
आस्ट्रेलिया ने तीन मैचों में 19 गोल किए हैं जबकि उसे सिर्फ पांच गोल खाने पड़े हैं। दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका को तीन मैचों में 22 गोल खाने पड़े हैं। पूल-बी में इंग्लैंड ने भी छह अंक जुटाए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।