अकमल ने मैच के तीसरे दिन मंगलवार को आस्ट्रेलिया के धुरंधर बल्लेबाज माइकल हसी को तीन जीवनदान दिया। यही नहीं, उन्होंने शेन वॉटसन को रन आउट करने का एक बेहतरीन मौका भी गंवा दिया था।
इसी का फायदा उठाकर हसी जहां अपने करियर का 11वां शतक लगाने में सफल रहे वहीं वॉटसन ने आस्ट्रेलियाई टीम को अच्छी शुरुआत दी। नतीजा हुआ कि आस्ट्रेलियाई टीम बुधवार को यह मैच 36 रनों से जीतने में सफल रही।
खराब दौर से गुजर रहे अकमल को आराम देते हुए युवा विकेटकीपर सरफराज अहमद को मौका देने की सिफारिश की जा रही थी लेकिन कप्तान ने फिलहाल इसे नकार दिया है।
यूसुफ ने कहा कि उनके मन में अकमल को आराम देने का कोई विचार नहीं है। यूसुफ ने कहा कि एक अच्छा बल्लेबाज होने के नाते अकमल पाकिस्तानी टीम के मजबूत स्तंभ हैं और उनके बगैर टीम कमजोर पड़ जाएगी।
यूसुफ ने कहा, "इस तरह (कैच गिराने) की घटनाएं क्रिकेट में आम हैं। मैं जानता हूं कि अकमल हमेशा अपना सौ फीसदी प्रयास करते हैं। आस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खेलते हुए उनके जैसे वरिष्ठ खिलाड़ी को आराम देकर किसी युवा को मौका देने का जोखिम नहीं उठाया जा सकता।"
यूसुफ ने यह भी कहा कि एक कप्तान के तौर पर वह हमेशा खराब दौर में चल रहे अपने साथियों का समर्थन करना चाहते हैं। यूसुफ ने आस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग का उदाहरण देते हुए कहा कि रन नहीं बना रहे होने के बावजूद टीम का प्रत्येक खिलाड़ी उनका समर्थन कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।