मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक क्लब ने आगामी हफ्तों में होने वाली नीलामी के दौरान 22.5 करोड़ डॉलर आधार कीमत वाली एक टीम में अपनी रुचि दिखाई है।
समाचार पत्र 'द डेली टेलीग्राफ' के मुताबिक आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी ने सोमवार को कहा कि इंग्लिश प्रीमियर लीग के एक बेहद मशहूर क्लब ने इस संबंध में सकारात्मक संकेत दिए हैं।
मोदी ने कहा, "आईपीएल टीम खरीदने को लेकर रुचि दिखाने वाला प्रीमियर लीग क्लब देश के तीन सर्वोच्च क्लबों में एक है।"
प्रीमियर लीग के सर्वोच्च क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड के प्रवक्ता ने क्लब प्रबंधन द्वारा इस संबंध में किसी प्रकार की रुचि दिखाने का खंडन किया है जबकि मोदी ने ही साफ किया कि प्रीमियर लीग का दूसरा सबसे बड़ा क्लब चेल्सी की भी इसमें रुचि नहीं है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक लिवरपूल और आर्सेनल बड़े क्लब हैं लेकिन उनका दीर्घकालीन स्वामित्व अभी साफ नहीं है, ऐसे में मैनचेस्टर सिटी को इस संबंध में दावेदार माना जा रहा है।
मैनचेस्टर सिटी का स्वामित्व दुबई के एक शेख के हाथों में हैं और उसकी माली हालत इतनी अच्छी है कि वह आईपीएल टीम खरीदने को लेकर बड़ा कदम उठा सकता है।
मैनचेस्टर सिटी प्रबंधन ने भी हालांकि सोमवार को इस तरह के किसी कदम का खंडन किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।